उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने का अनुरोध करती हूं।
आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता शुक्रवार को दिल्ली में भूख हड़ताल करेंगी। उन्होंने आज प्रेस कान्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। कविता ने कहा वह 10 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भूख हड़ताल करेंगी, इसमें 18 अन्य राजनीतिक पार्टियां हिस्सा लेंगी। कविता ने कहा कि वे संसद के मौजूदा सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पेश करने की मांग को लेकर शुरू किए गए विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने का अनुरोध करती हूं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव केसी वेणुगोपाल से हड़ताल में शामिल होने के लिए एक प्रतिनिधि भेजने के लिए अनुरोध किया है। दूसरी तरफ, तेलंगाना के आईटी मंत्री और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (केटीआर) ने भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्या सभी भाजपा वाले साफ हैं?
ईडी के समक्ष पेश होना है
बीआरएस नेता ने यह भी कहा कि वह प्रवर्तन निदेशालय का सामना करेंगी क्योंकि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। कविता ने कहा कि अगर किसी महिला से केंद्रीय एजेंसी द्वारा पूछताछ की जानी है, तो कानून के अनुसार, उसका मौलिक अधिकार है उसके घर पर पूछताछ की जाए। ईडी ने मुझे 9 मार्च को बुलाया है। मैंने 16 मार्च के लिए अनुरोध किया लेकिन पता नहीं वे किस जल्दबाजी में हैं, इसलिए मैं 11 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होंगी।
सोनिया गांधी की तारीफ
के कविता ने यूपीए कार्यकाल के दौरान विधेयक को आगे बढ़ाने के लिए सोनिया गांधी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उस समय केंद्र में गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने के बावजूद महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने के लिए मैं सोनिया गांधी को सलाम करती हूं।