आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: करप्शन केस में तीन साल की सजा काट रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने बुधवार को अपने वकीलों से मुलाकात की। खान ने लीगल टीम से कहा- आप मुझे जल्द से जल्द यहां से निकालिए। यहां सी ग्रेड फेसेलिटीज भी नहीं हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- खान ने वकीलों से यह भी कहा कि वो यहां किसी भी सूरत में नहीं रह सकते। अटक जेल में दिन कीड़े और रात में मच्छर बहुत परेशान करते हैं। खान को 9 फीट लंबी और इतनी ही चौड़ी बैरक में रखा गया है।
लीगल टीम से पहली मुलाकात
अटक जेल में 4 रातें गुजार चुके इमरान के वकील उन्हें जेल से निकालने की हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कामयाबी हासिल नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट और लाहौर हाईकोर्ट भी उन्हें पहले की तरह जमानत नहीं दे पा रहा है। इसकी वजह ये है कि खान के खिलाफ करप्शन के न सिर्फ ठोस सबूत हैं, बल्कि कोई भी गवाह उनके फेवर में बोलने को तैयार नहीं है।
लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट में पिटीशन दायर की है। इसमें कहा गया है कि खान को तोशाखाना केस में गलत तरीके से दोषी ठहराया गया है। ऐश-ओ-आराम की जिंदगी जीने वाले खान अब जेल से निकलने के लिए छटपटा रहे हैं।
बुधवार को उनकी लीगल टीम पहली बार उनसे मुलाकात के लिए पहुंची तो खान का तमाम दर्द सामने आ गया। ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक- खान ने लीगल टीम से गिड़गिड़ाते हुए कहा कि उन्हें हर हाल में जेल से निकाला जाए। यहां कीड़े और मच्छरों ने जीना दुश्वार कर दिया है। मजे की बात यह है कि एक दिन पहले ही खान की लीगल टीम के हेड गौहर खान ने कहा था कि इंसाफ के लिए खान ताउम्र जेल में रहने को तैयार हैं।