आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जापान अपने खराब हो चुके फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट में मौजूद ट्रीटेड रेडियोएक्टिव वॉटर को गुरुवार यानी 24 अगस्त को पैसिफिक ओशन में छोड़ेगा। जापान टाइम्स के मुताबिक, मंगलवार को मंत्रियों के साथ बैठक करने के बाद PM फुमियो किशिदा ने इसकी घोषणा की। किशिदा ने कहा- अगर मौसम सही रहा तो हम ये काम शुरू कर देंगे।
वहीं इस मामले में चीन की तरफ से भी बयान दिया गया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने इसे भरोसा तोड़ने वाली बात कहा है। प्रवक्ता वेंग वेनबिन ने कहा- पानी को समुद्र में छोड़े जाना इसका सही सॉल्यूशन नहीं है। इसके असर को बाद में बदला नहीं जा सकेगा। इससे पहले पिछले हफ्ते साउथ अफ्रीका में भी जापान के इस फैसले के विरोध में रैली हुई थी।
चीन सहित कई देशों ने पानी छोड़ने का विरोध किया
इसके लिए इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) के चीफ राफेल ग्रौसी ने जापान में न्यूक्लियर प्लांट का दौरा किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, जापान के इस कदम का कोस्टल एरिया में रह रहे लोगों, चीन और साउथ कोरिया की जनता ने भी विरोध किया है।
इससे पहले किशिदा रविवार को प्लांट विजिट करने पहुंचे थे। उन्होंने टोक्यो में जापान की फिशरी इंडस्ट्री के लीडर्स से मुलाकात कर आश्वासन दिया था कि रेडियोएक्टिव वॉटर छोड़े जाने से मछली उद्योग और वहां के कर्मचारियों को नुकसान नहीं होगा। जुलाई में UN के न्यूक्लियर वॉचडॉग ने पानी छोड़े जाने के लिए अप्रूवल दिया था।
प्लांट से पूरा पानी निकालने में लगेंगे 30 साल
फुकुशिमा और जापान के फिशरी एसोसिएट्स को डर है कि एक बार प्लांट से पानी छोड़ने का काम शुरू हो गया, तो इंटरनेशनल मार्केट में कस्टमर उनकी मछली लेने से इनकार कर देंगे। जापान सरकार के मुताबिक, प्लांट से पूरा पानी छोड़े जाने में करीब 30 साल का समय लगेगा। प्लांट में मौजूद 133 करोड़ लीटर पानी को करीब 1 हजार ब्लू टैंकरों में स्टोर किया गया है।
न्यूक्लियर प्लांट को मेंटेन करने वाली कंपनी टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर (TEPCO) ने बताया कि पानी की क्वांटिटी का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि ये 500 ओलंपिक साइज्ड स्विमिंग पूल को भरने के लिए काफी है। इस पानी को वहां से हटाए जाना इसलिए भी जरूरी है ताकि न्यूक्लियर प्लांट को नष्ट किया जा सके।
सुनामी से प्लांट का कूलिंग सिस्टम हुआ था ठप
पैसिफिक ओशन में 132 करोड़ लीटर पानी छोड़े जाने को लेकर जापान की फिशिंग इंडस्ट्री और सिविल सोसाइटी ग्रुप्स ने भी चिंता जताई है। दरअसल, मार्च 2011 में आई सुनामी की वजह से फुकुशिमा के न्यूक्लियर प्लांट का कूलिंग और इलेक्ट्रिसिटी सिस्टम ठप हो गया था। गर्मी की वजह से वहां मौजूद तीनों रिएक्टर्स के कोर पिघल गए थे, जिसके चलते काफी ज्यादा मात्रा में रेडिएशन फैला था।
अल जजीरा के मुताबिक, न्यूक्लियर प्लांट से पानी छोड़े जाने के प्लान की घोषणा 2021 में की गई थी। तब कहा गया था कि ये काम अगले 2 सालों में शुरू हो जाएगा। जापान की रेगुलेटरी बॉडी ने 30 जून को ही अपना इंस्पेक्शन पूरा कर लिया था। UN की जांच के बाद प्लांट की देखभाल कर रही कंपनी TEPCO को पानी छोड़ने का परमिट मिल गया था। इसे 1 किलोमीटर के पाइप के जरिए छोड़ा जाएगा।