आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत में एक स्कूल में बने जिम की छत गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा रविवार को दोपहर 3 बजे हुआ। न्यूज एजेंसी शिनहुआ के मुताबिक मलबे से 14 लोगों जिंदा बाहर निकाला गया है। इनमें 4 लोगों की हालत गंभीर है। वहीं, हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 160 फायर फाइटर्स और 39 ट्रकों को काम पर लगाया गया है।

शुरुआती जांच में हादसे की वजह जिम की छत पर रखे परलाइट को बताया गया है। दरअसल, जिम के साथ एक इमारत में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। इस दौरान वहां काम कर रहे लोगों ने परलाइट जिम की छत पर रख दिया। बारिश की वजह से वह परलाइट पानी सोखकर भारी हो गया और उसके वजन से छत गिर गई।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

यमुना एक्सप्रेस-वे पर घायलों को बचा रहे 3 युवकों समेत 4 को बस ने रौंदा

यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह एक एक्सीडेंट में 4 लोगों की मौत हो गई। अलीगढ़ में नोएडा जा रही एक कार हादसे का शिकार हो गई थी और उसमें एक महिला और बच्ची समेत तीन लोग फंसे हुए थे। वहां से गुजर रहे 4 युवकों ने यह देखा तो वे मदद के लिए रुक गए।

एक युवक बच्ची को निकालकर सड़क के किनारे चला गया। बाकी महिला को निकालने में लगे रहे। तभी पीछे से आ रही बस ने कार समेत युवकों को रौंद दिया। हादसे में कार सवार महिला और 3 युवकों की मौत हो गई।

भारतीय एयरफोर्स की स्काड्रन लीडर अर्शिता जैसवाल की रविवार को मौत हो गई। उन पर 17 जुलाई को पठानकोट में उनके आधिकारिक आवास पर एक मेस वर्कर ने हमला किया था। वर्कर चोरी करने के इरादे से उनके घर में घुसा था। घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनका पंचकुला के आर्मी कमांड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।

पुणे मुंबई एक्सप्रेस वे पर चट्‌टान खिसकने से मलबा जमा, नुकसान की खबर नहीं

महाराष्ट्र के पुणे मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर आडोशी गांव के पास मुंबई लाइन पर चट्टान खिसकने की घटना की वजह से मलबा जमा हो गया है। मलबे को जेसीबी और डंपर की मदद से हटाने का काम जारी है। चट्टान खिसकने की इस घटना में जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

ज्ञानवापी परिसर में सुबह 7 बजे से ASI सर्वे शुरू करेगी, 21 जुलाई को कोर्ट से अनुमति मिली थी

ज्ञानवापी परिसर में आज सुबह 7 बजे से ASI की टीम सर्वे शुरू करेगी। वाराणसी कोर्ट पहले ही मस्जिद के वजूखाने को छोड़कर पूरे परिसर का सर्वे कराने की अनुमति दे चुकी है।

हिंदू पक्ष की ओर से वादिनी रेखा पाठक, मंजू व्यास, लक्ष्मी देवी और सीता साहू ने 16 मई को कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर परिसर का सर्वे कराने की मांग की थी। 14 जुलाई को मामले पर सुनवाई पूरी हुई और 21 जुलाई को वाराणसी कोर्ट ने सर्वे कराए जाने का आदेश दिया था।