अगले महीने अरुणाचल प्रदेश, असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भारतीय वायु सेना हवाई युद्धाभ्यास करेगी. इसमें पहली कतार के फाइटर्स, हेलिकॉप्टर, लड़ाकू विमान और ड्रोन शामिल होंगे.

टाइम्स ऑफ़ इंडिया अख़बार में छपी एक ख़बर के अनुसार ये युद्धाभ्यास ऐसे वक्त होगा जब पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प के बाद ईस्टर्न सेक्टर में लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) के पास तनाव बढ़ गया है. दोनों देशों के बीच बीते 32 महीनों से रिश्ते तल्ख़ हैं.

एक से लेकर पांच फरवरी तक होने वाला ये कमांड स्तर का युद्धाभ्यास होगा जिसमें युद्ध के लिए ईस्टर्न एयर कमांड की तैयारी का टेस्ट होगा. एक सूत्र के हवाले से अख़बार ने लिखा है कि इसमें रफ़ाल और सुखोई 30एमकेआई फ़ाइटर जेट जैसे ईस्टर्न सेक्टर के सभी उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा. ये जेट हासिमारा, तेज़पुर और चाबुआ एयर फ़ील्ड से उड़ान भरेंगे. अरुणाचल प्रदेश के तवांग के यांग्त्से में दोनों देशों के बीच हुई झड़प के बाद बीते साल दिसंबर नौ को एयर फोर्स ने पूर्वोत्तर में दो दिनों का युद्धाभ्यास किया था. लेकिन सूत्र के अनुसार अगले महीने होने वाला युद्धाभ्यास बड़े स्तर पर होगा और इसमें सी-10जे सुपर हर्क्युलिस, चिनूक और अपाचे अटैक हेलिकॉप्टरों जैसे कई और तरह के प्लेटफॉर्म भी शामिल किए जाएंगे.

अख़बार लिखता है कि लतागार तीसरे साल पूर्वी लद्दाख में भारत के साथ सटी सीमा के पास चीन ने 50 हज़ार सैनिकों को तैनात किया है और यहां बड़ी मात्रा में भारी हथियार भी रखे हैं. अब तक डेपसांग और डेमचोक जैसी रणनीतिक तौर पर अहम जगहों में सेना के डिस्इन्गेजमेन्ट पर भारत के साथ बात करने के लिए भी चीन नहीं तैयार हो रहा.