प्रदर्शनकारी छात्र चाहते हैं कि परीक्षा स्थगित हो, ताकि परीक्षा और काउंसलिंग की तारीख का अंतर कम हो जाए।
नीट पीजी 2023 परीक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को अहम सुनवाई है। सवाल यही है कि क्या यह परीक्षा स्थगित (NEET PG 2023 Postponement) होगी। याचिकाकर्ता प्रदर्शनकारी छात्र चाहते हैं कि परीक्षा को स्थगित कर दिया जाए, ताकि NEET PG 2023 और काउंसलिंग की तारीख के बीच का अंतर कम हो जाए।
इससे पहले नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि लगभग 2.09 लाख उम्मीदवारों ने NEET-PG परीक्षा 2023 के लिए पंजीकरण कराया है, जो 5 मार्च को निर्धारित है। यदि परीक्षा को स्थगित किया जाता है तो परीक्षा आयोजित करने के लिए कोई वैकल्पिक तिथि उपलब्ध नहीं हो सकती है।
एरियर भुगतान को लेकर याचिका पर आज सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
इस बीच, वन रैंक-वन पेंशन (ओआरओपी) के एरियर भुगतान को लेकर पूर्व सैनिकों की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। पूर्व सैनिकों के एक समूह ने याचिका दायर कर केंद्र को यह निर्देश देने की मांग की है कि ओआरओपी के एरियर का भुगतान सभी पात्र पेंशनभोगियों को चार के बजाय एक किस्त में किया जाए।
प्रधान न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस जेबी पार्डीवाला की पीठ पूर्व सैनिकों के संगठन की याचिका पर सुनवाई करेगी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने नौ जनवरी को केंद्र को सशस्त्र बलों के सभी पात्र पेंशनभोगियों को ओआरओपी के बकाए के भुगतान के लिए 15 मार्च तक का समय दिया था।
शीर्ष अदालत ने केंद्र से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि सशस्त्र बलों के पेंशनभोगियों को सभी बकाया राशि का भुगतान तेजी से किया जाए।