आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान के नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) ने आज पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पूछताछ के लिए बुलाया है। यह पूछताछ अल कादिर ट्रस्ट केस में होनी है। इसमें खान की पत्नी बुशरा बीबी और बुशरा की दोस्त फराह गोगी भी आरोपी हैं।
सरकार के मुताबिक अल कादिर ट्रस्ट केस में 60 अरब पाकिस्तानी रुपए का घोटाला हुआ है। इमरान, बुशरा और फराह गोगी इस एजुकेशनल ट्रस्ट में ट्रस्टी हैं। जांच एजेंसी के पास ब्रिटिश सरकार के वो डॉक्यूमेंट्स भी मौजूद हैं, जिनमें 40 अरब रुपए पाकिस्तान भेजे जाने का जिक्र है।
दूसरी तरफ, पंजाब प्रांत की केयरटेकर सरकार ने आरोप लगाया है कि इमरान के लाहौर वाले घर में 40 आतंकी छिपे हुए हैं। सरकार ने आतंकियों को पुलिस के हवाले करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यह आज खत्म हो रहा है। इसके पहले ही सिक्योरिटी फोर्सेज ने खान का घर घेर लिया है। वहीं, मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने PTI के नेता शाह महमूद कु
गिरफ्तारी को गैर कानूनी बताते हुए उन्हें तुरंत रिहा करने के आदेश दिए हैं।
इमरान पेश होंगे या नही
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक इमरान गुरुवार को NAB के सामने पेश होंगे या नहीं, इस पर सवालिया निशान है। वजह ये है कि NAB अब तक कई बार उन्हें पूछताछ के लिए बुला चुकी है, लेकिन खान और उनकी पत्नी हाजिर ही नहीं होते। हर बार उनके वकील कोई न कोई बहाना बनाकर कोर्ट से राहत हासिल कर लेते हैं।
इसी अल कादिर ट्रस्ट केस में 9 मई को NAB ने खान को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी को 8 दिन की रिमांड भी मिली थी, लेकिन इसके पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने खान को रिहा कर दिया। अब उन्हें तमाम केसों में 31 मई तक गिरफ्तारी से राहत दी जा चुकी है।
NAB के एक अफसर ने कहा- सुप्रीम कोर्ट ने खान से साफ कहा है कि उन्हें जांच एजेंसी के साथ हर तरह का सहयोग करना होगा। इसका मतलब ये हुआ कि अगर वो पूछताछ के लिए पेश नहीं हुआ तो उनकी परेशानियां बढ़ जाएंगीं।
लाहौर वाले घर को सिक्योरिटी फोर्सेज ने घेरा
पंजाब प्रांत की केयरटेकर सरकार ने बुधवार को कहा- इमरान खान के घर 40 आतंकी छिपे हैं। अगर खान ने 24 घंटे में इन्हें पुलिस के हवाले नहीं किया तो फिर सिक्योरिटी फोर्सेज कार्रवाई करेंगीं। 24 घंटे की डेडलाइन गुरुवार दोपहर 1 बजे खत्म हो जाएगी।
जैसे ही पंजाब सरकार के मिनिस्टर आमिर मीर ने यह बयान दिया, उसके चंद मिनट बाद सिक्योरिटी फोर्सेज ने खान के घर जमान पार्क जाने वाले हर रास्ते को बंद कर दिया। यहां पुलिस, रेंजर्स के अलावा फौज भी मौजूद है।