आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: इजराइल में येरूशलम के अल-अक्सा मस्जिद में बुधवार को पुलिस और फिलिस्तीनियों की बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है और उन पर पवित्र मस्जिद को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ फिलिस्तीनियों ने खुद को पटाखों, लाठी और पत्थरों के साथ मस्जिद में बंद कर लिया था और बाहर बैरिकेडिंग लगा दी थी।
इसके बाद पुलिस फोर्स को उन्हें रोकने के लिए मस्जिद में घुसना पड़ा। पुलिस ने बताया कि मस्जिद में प्रवेश करते से ही नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने उन पर पत्थर और पटाखों से हमला कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल भी हुआ। फिलिस्तीनी गवाहों ने कहा कि रमजान के महीने में इजलाइल पुलिस ने उन पर ग्रेनेड और आंसू गैस से हमला किया, जिससे उनका दम घुटने लगा। झड़प में 14 लोग घायल हुए हैं।
इजराइली सेना ने गाजा में की जवाबी कार्रवाई
हमले के कुछ देर बाद गाजा स्ट्रिप से इजराइल में 9 रॉकेट दागे गए। इजराइली आर्मी के मुताबिक उन्होंने 5 रॉकेट को मार गिराया, जबकि बाकी खुले मैदान में गिरे। किसी भी ग्रुप ने अभी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन माना जा रहा है कि अटैक आतंकी संगठन हमास की तरफ से किया गया था। इजराइली सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गाजा में कई लड़ाकू विमानों से हमला किया। इस दौरान ट्रेनिंग कैंप्स को निशाना बनाया गया।