भूकंप का केंद्र 65 किमी की गहराई पर था। अब तक जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

धरती पर एक के बाद एक भूकंप का सिलसिला जारी है। ताजा खबर पापुआ न्यू गिनी से आ रही है। यहां भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.5 रही।

संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र 65 किमी की गहराई पर था। अब तक जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

इससे पहले जापान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, जापान के उत्तरी द्वीप होक्काइडो के पूर्वी हिस्से में शनिवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप नेमुरो प्रायद्वीप में 61 किलोमीटर (38 मील) की गहराई में आया। सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

जापान के मुख्य उत्तरी द्वीपों में से एक होक्काइडो कुछ दिन पहले एक और भूकंप से हिल गया था। जापान के होक्काइडो में सोमवार को 5.1 तीव्रता का भूकंप आया था। सोशल मीडिया पर जापान के कई वीडियो वायरल हुए हैं।

इससे पहले 6 फरवरी को तुर्की और सीरिया में भूकंप के झगड़े झटके महसूस हुए। तब दक्षिणी प्रांत कहमनमारस में स्थानीय समयानुसार सुबह 4:17 बजे 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद दोपहर 1:24 बजे 7.6 तीव्रता का भूकंप आया।

हाल के भूकंपों ने दक्षिणी तुर्की के 10 प्रांतों में 43,000 से अधिक लोगों की जान ले ली और हजारों बेघर हो गए। इसी तरह सीरिया में भी हजारों की मौत हुई।

इसी तरह पिछले महीनों में भारत के विभिन्न राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। दिल्ली, एनसीआर के अलावा पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी लगातार धरती कांप रही है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान, नेपाल में भी लगातार धरती कांप रही है।