आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अमेरिका में बाइडेन सरकार ने अफगानिस्तान से वापसी के लिए डोनाल्ड ट्रम्प को जिम्मेदार ठहराया है। प्रशासन तरफ से जारी की गई एक 12 पेज की रिपोर्ट में कहा गया है कि बाइडेन ने तालिबान और अमेरिका की वापसी को लेकर जो फैसले लिए उसके लिए वो मजबूर थे। 2020 में ट्रम्प सरकार और तालिबान में हुए समझौते के चलते उनके हाथ बंधे हुए थे।
रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि अमेरिकी सरकार को नागरिकों को निकालने का काम पहले ही शुरू कर देना चाहिए था। रिपोर्ट सामने आने के बाद ट्रम्प ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस में बैठे बेवकूफों ने गलत जानकारी फैलाने का नया खेल शुरू किया है, जिसका नाम है ‘ब्लेम ट्रम्प’। अफगानिस्तान में अमेरिका के फेल्योर और सरेंडर के लिए सिर्फ बाइडेन जिम्मेदार हैं और कोई नहीं।
ट्रम्प सरकार के फैसलों के आगे मजबूर थे बाइडेन
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के दौरान अमेरिका के फैसलों और वापसी को लेकर स्टेट डिपार्टमेंट और पेंटागन ने एक रिपोर्ट तैयार की। गुरुवार को उन्होंने प्राइवेटली ये रिपोर्ट अमेरिकी कांग्रेस को सौंपी। इसके बाद रिपोर्ट की समरी पब्लिक के सामने रखी गई। बाइडेन सरकार के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने अराजकता के लिए अफगानिस्तान में पहले से चल रहे ट्रम्प प्रशासन के कमजोर ऑपरेशन को जिम्मेदार ठहराया।