सिडनी । ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस के अनुसार उनकी टीम को पाकिस्तान और श्रीलंका के दौरों में जो अनुभव मिला है उसका लाभ उसे आगामी भारत दौरे में मिलेगा। कमिंस ने कहा कि उपमहाद्वीप के हालात करीब-करीब एक जैसे हैं। इसलिए जिन खिलाड़ियों ने अभी तक भारत दौरा नहीं किया है उनके लिए ये अनुभवी भारतीय हालातों का अंदाजा लगाने वाले होंगे।
कमिंस ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे आधे खिलाडिय़ों ने उपमहाद्वीप में अधिक क्रिकेट नहीं खेला है। इसलिए इन 2 बेहद अलग पिचों पर खेलने के अनुभ से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला होगा। उन्होंने कहा कि हम यह जानते हुए मैदान पर उतरे थे कि यहां श्रृंखला और मैच जीतना कठिन होगा।
इसलिए श्रीलंका में श्रृंखला ड्रॉ करना भी हमारे लिए अच्छा रहा। साथ ही कहा कि हमने पाकिस्तान में कड़ी टक्कर देते हुए जीत हासिल की। कमिंस ने कहा कि स्वदेश के बाहर अलग हालातों में खेलना मुश्किल होता इसका अंदाजा भी अब युवा खिलाड़ियों को हो गया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम अगले साल फरवरी-मार्च में भारत का दौरा करेगी। इस दौरान बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए दोनों टीम के बीच 4 टेस्ट की श्रृंखला होगी।
कमिंस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में पूरी संभावना होती है कि आप केवल एक स्पिनर के साथ खेलोगे , इसलिए आप कुछ और खिलाडिय़ों को तैयार करने की कोशिश करते हैं जिन्हें भारत में खेलने का अवसर मिलेगा। पिछले दो दौरों से हमने काफी कुछ सीखा है और हमारे खेलने के तरीके में सुधार हुआ है।