आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को यौन उत्पीड़न मामले में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी वी श्रीनिवास को अग्रिम जमानत दे दी। इससे पहले 17 मई को सुप्रीम कोर्ट ने श्रीनिवास को इस मामले में गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि श्रीनिवास ने जांच में पूरा सहयोग किया है। असम युवा कांग्रेस की महिला नेता ने 18 अप्रैल को सिलसिलेवार ट्वीट कर श्रीनिवास पर मानसिक उत्पीड़न और लैंगिक आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया था।

सुप्रीम कोर्ट ने राहुल की सदस्यता बहाली के खिलाफ याचिका खारिज की, वकील पर 1 लाख का जुर्माना भी लगाया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाली को चुनौती देने वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया। सुनवाई करते हुए SC ने याचिकाकर्ता वकील पर एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया। राहुल गांधी को मोदी सरनेम वाली टिप्पणी के मानहानि मामले में गुजरात हाईकोर्ट ने 2 साल की सजा सुनाई थी। 24 मार्च को राहुल की संसद सदस्यता रद्द हो गई थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने 4 अगस्त को उनकी सजा पर रोक लगा दी और 7 अगस्त को राहुल की सदस्यता बहाल हो गई।

जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रक खाई में गिरा, चार लोगों की मौत

जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर गुरुवार की रात एक ट्रक खाई में गिर गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि ट्रक श्रीनगर से राजस्थान जा रहा था। झज्जर कोटली इलाके में यह हादसा हो गया।

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने AK 47 समेत 36 हथियार जब्त किए, गोलियां और हैंड ग्रेनेड भी मिले

मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किए। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने गुरुवार को सागोलमांग थाना के इलाके में तीन AK 47/56 और 4 कार्बाइन, सात SLR रायफल समेत 36 हथियार जब्त किए गए हैं। साथ ही 1615 गोलियां और 82 हैंड ग्रेनेड मिले हैं।

सुरक्षा बलों ने बुलेटप्रुफ जैकेट, वॉकी-टॉकी सेट जैसी सामग्री भी जब्त की है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए हथियारों और गोला-बारुद को सागोलमांग पुलिस स्टेशन में लीगल कार्रवाई के लिए दिया गया है। इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।

कनाडा ने 41 राजनायिक वापस बुलाए, 21 भारत में ही रहेंगे; कनाडाई मंत्री बोले- हम भारतीय डिप्लोमैट्स के साथ ऐसा नहीं करेंगे

कनाडाई विदेश मंत्री म्लानी जोली ने गुरुवार को बताया कि भारत में कनाडा के 62 में 41 डिप्लोमैट्स को हटा दिया गया है। हालांकि, 21 कनाडाई राजनायिक भारत में ही रहेंगे। जोली ने कहा कनाडाई राजनायिकों को डिप्लोमैटिंक इम्यूनिटी छीने जाने का खतरा मंडरा रहा था।

हालांकि, जोली ने कहा कि राजनयिक छूट हटाना अंतरराष्ट्रीय कानून के विपरीत है और इसी कारण कनाडा भारतीय राजनायिकों के साथ ऐसा करने की धमकी नहीं देगा।

आतंकी निज्जर की हत्या के आरोप लगाने के बाद से ही कनाडा और भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों में तनाव चल रहा है।

रद्द नहीं होगा CBI केस, डीके की अर्जी खारिज

कर्नाटक हाईकोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में CBI द्वारा दर्ज FIR रद्द करने की डिप्टी CM डीके शिवकुमार की याचिका खारिज कर दी। जस्टिस के. नटराजन ने कहा, याचिका देरी से लगाई गई। जांच रोक नहीं सकते। शिवकुमार बोले- कानून के दायरे में जवाब देंगे।