सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   नई दिल्ली :  कर्ज के बोझ से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के लिए एक सकारात्मक खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री कार्यालय के पास कंपनी के लिए राहत प्रस्ताव पहुंचा है, जिस पर जल्द ही फैसला होने की उम्मीद है। इस खबर का सीधा असर शुक्रवार, 22 अगस्त 2025 को शेयर बाजार में देखने को मिला, जहां वोडाफोन आइडिया के शेयर करीब 4 फीसदी तक उछल गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस राहत प्रस्ताव में वोडाफोन आइडिया को बकाया चुकाने के लिए अतिरिक्त समय देने की सिफारिश की गई है। साथ ही एजीआर भुगतान पर लगने वाले पेनल्टी और ब्याज में छूट दिए जाने का भी सुझाव है। अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो कंपनी को नकदी संकट से उबरने और अपने बिजनेस को स्थिर करने में बड़ी मदद मिलेगी।

जानकारों का कहना है कि सरकार और प्रधानमंत्री कार्यालय का यह कदम न केवल कंपनी बल्कि पूरे टेलीकॉम सेक्टर के लिए अहम साबित हो सकता है। फिलहाल वोडाफोन आइडिया भारी कर्ज और घटते यूजर बेस से जूझ रही है, जिसके चलते निवेशकों की चिंता बढ़ी हुई थी।

निवेशकों और प्रमोटर्स का मानना है कि राहत पैकेज से वोडाफोन आइडिया को लंबे समय में प्रतिस्पर्धा में बने रहने और 5G सेवाओं के विस्तार में मदद मिलेगी। अब सबकी निगाहें प्रधानमंत्री कार्यालय के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।

#वोडाफोनआइडिया #PMO #AGRराहत #शेयरमार्केट #टेलीकॉम