सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल /   मुंबई :   फोर्ब्स इंडिया की रिच लिस्ट 2025 के अनुसार, भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की कुल नेटवर्थ 9% घटकर 1 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग 88 लाख करोड़ रुपए हो गई है। पिछले साल की तुलना में लगभग दो-तिहाई अमीरों की संपत्ति में गिरावट आई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 12% घटकर भी ₹9.32 लाख करोड़ बनी हुई है, जिससे वे देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। गौतम अडाणी ₹8.17 लाख करोड़ की नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर हैं। कुल गिरावट का मुख्य कारण कमजोर रुपए और शेयर बाजार में आई अस्थिरता को बताया गया है। इस साल लिस्ट में तीन नए बिजनेस पर्सन्स की एंट्री हुई है। वारी एनर्जी के दोशी भाई-बहन 37वें नंबर पर हैं, उनकी कुल नेटवर्थ 7.5 बिलियन डॉलर यानी लगभग 67 हजार करोड़ रुपए है। ऑथम इन्वेस्टमेंट की अल्पना डांगी 67वें और डिक्सन टेक्नोलॉजीज के सुनील वचानी 80वें नंबर पर डेब्यू कर रहे हैं।

वहीं, कुछ बिजनेस पर्सन्स इस लिस्ट में वापसी भी कर चुके हैं। हल्दीराम के किशन, मनोहर और मधुसूदन अग्रवाल 28वें, यूएसवी की लीना तिवारी 82वें और सोभा लिमिटेड के पी.एन.सी. मेनन 87वें नंबर पर शामिल हुए। केपीआर मिल के के.पी. रामासामी 97वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स इंडिया की रिच लिस्ट पहली बार 2009 में जारी हुई थी। यह लिस्ट फैमिली और इंडिविजुअल शेयरहोल्डिंग, फाइनेंशियल डेटा, स्टॉक मार्केट और एनालिस्ट इनपुट के आधार पर तैयार की जाती है।

#फोर्ब्सइंडिया #भारतकेअमीर #मुकेशअंबानी #गौतमअडाणी #RichList2025