सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   नई दिल्ली   :   वोडाफोन आइडिया (Vi) के निवेशकों को मंगलवार को बड़ा झटका लगा जब कंपनी के शेयर में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई पर दोपहर करीब 12 बजे शेयर 9.05% टूटकर 6.73 रुपये पर आ गया। दिनभर के कारोबार में यह गिरावट लगभग 10% तक रही। जबकि इससे एक दिन पहले यानी सोमवार को वोडाफोन आइडिया  का शेयर 7.5% तक चढ़ा था।

जानकारों के मुताबिक, इस उतार-चढ़ाव की वजह सरकार की ओर से आया ताजा रुख है। दरअसल, पहले बाजार में यह चर्चा थी कि केंद्र सरकार वोडाफोन आइडिया को एजीआर (समायोजित सकल राजस्व) पर और राहत दे सकती है। इस उम्मीद के चलते सोमवार को शेयर में तेजी देखने को मिली थी। लेकिन मंगलवार को जब यह साफ हुआ कि सरकार ने एजीआर पर और राहत देने से इनकार कर दिया है, तो निवेशकों में निराशा छा गई और बिकवाली का दबाव बढ़ गया।

फिलहाल वोडाफोन आइडिया को 31 मार्च 2026 तक एजीआर चुकाने से छूट मिली हुई है, लेकिन अब कंपनी को यह बकाया छह किश्तों में चुकाना होगा। यह फैसला कंपनी की वित्तीय स्थिति पर दबाव डाल सकता है।

निवेशकों का मानना है कि वोडाफोन आइडिया   के लिए पूंजी जुटाना और बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखना पहले से ही बड़ी चुनौती है। ऐसे में सरकार से अतिरिक्त राहत न मिलने से कंपनी की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में कंपनी के शेयर में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं और निवेशकों को सतर्क रहना चाहिए।

#वोडाफोनआइडिया #शेयरबाजार #AGR #ViShare #निवेश