आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : फिलिस्तीन की राइटर लामा खातेर के लिए 26 अक्टूबर की रात डरावने सपने जैसी थी। वे वेस्ट बैंक के हैब्रोन सिटी में अपने घर में थीं। पति हाजेम फखौरी भी साथ थे। तभी इजराइली आर्मी के सैनिक घर में घुस गए। पूरे घर को तहस-नहस कर दिया।
लामा ने विरोध किया तो मारपीट की। जवानों के साथ आए इजराइली इंटेलिजेंस एजेंसी के एक अफसर ने हाजेम से कहा, गाजा में 50 हजार बच्चों के कत्ल के बाद हमारा बदला पूरा होगा। इसके बाद सैनिक लामा को अरेस्ट करके ले गए।
7 अक्टूबर से चल रही इजराइल हमास जंग को 30 दिन हो चुके हैं। गाजा में इजराइल के हमले जारी हैं। वेस्ट बैंक में भी उसकी सेना ने ऑपरेशन तेज किए हैं। हालांकि, यहां छापेमारी कर अरेस्ट करने पर जोर है। दैनिक भास्कर के लिए वेस्ट बैंक से ये रिपोर्ट जर्नलिस्ट सलाम अबुशरार ने की है।
लामा की तरह कई फिलिस्तीनियों की ऐसी ही कहानी है। रात में डर के साए में सोते हैं। ड्रोन से इजराइली आर्मी घरों पर बम गिरा रही है। हमास से जुड़े नेताओं के घरों पर बुलडोजर चल रहा है। इजराइली बॉर्डर की तरफ के गांवों के किसान खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे। इस मौसम में जैतून की फसल तैयार होती है। किसान जैतून तोड़ने जाते हैं, तो इजराइली सेटलर्स फायरिंग करते हैं।
7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से वेस्ट बैंक में ऐसे हालात बने हैं। आरोप है कि हर रात इजराइली सेना ऑपरेशन चलाकर फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार कर रही है। इंटेलिजेंस एजेंसियों के इनपुट पर बिना किसी सबूत या गवाह के फिलिस्तीनियों को जेल भेजा जा रहा है।
1800 से ज्यादा फिलिस्तीनी अरेस्ट, ज्यादातर को 6 महीने की कैद
47 साल की लामा को 2018 में भी इजराइली सैनिकों ने गिरफ्तार किया था। तब उन्हें 13 महीने की कैद की सजा हुई थी। 2018 में उनकी गिरफ्तारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसके बाद वेस्ट बैंक के लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किए थे।
26 अक्टूबर 2023 को लामा की गिरफ्तारी के बारे में एक फेसबुक पोस्ट से पता चला। फेसबुक पर एक यूजर ने लिखा, ‘गाजा स्ट्रिप में हमले के बाद से ही वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों की गिरफ्तारी के लिए इजराइली आर्मी ऑपरेशन चला रही है। ऐसे ही एक ऑपरेशन में फिलिस्तीनी राइटर लामा खातेर को उनके घर से अरेस्ट किया गया।’
फिलिस्तीनी प्रिजनर्स सोसाइटी के अनुसार, 1800 से ज्यादा फिलिस्तीनियों को अब तक अरेस्ट किया गया है। इनमें से ज्यादातर को इजराइल में 6 महीने की कैद की सजा सुनाई गई है।
हाथ-पैर बांधकर घसीटने और मारपीट के वीडियो
लामा की तरह कई और फिलिस्तीनियों को इजराइली आर्मी ने गिरफ्तार किया है। इसके कुछ वीडियो इजराइली आर्मी ने पोस्ट किए हैं। ज्यादातर वीडियो वेस्ट बैंक के लोगों ने छिपकर बनाए और सोशल साइट्स पर पोस्ट किए। इजराइली आर्मी ने जो वीडियो पोस्ट किए, उनमें फिलिस्तीनी कैदी आंखों पर पट्टी बांधकर ले जाते दिख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्ट हुए कई वीडियो में दिखा कि कैदियों के हाथ-पैर बांधे गए हैं। रास्ते में उनके कपड़े उतार दिए गए, सड़कों पर घसीटा गया। चीखने पर इजराइली सैनिक उनसे मारपीट कर रहे हैं।