ITDC India e-Press / Agencies

रायगढ़। गुरुवार की सुबह वार्ड क्रमांक 45 भगवानपुर का मेयर श्रीमती जानकी काटजू, कमिश्नर श्री संबित मिश्रा सहित निगम के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड की समस्याओं से मेयर व निगम के अधिकारी रूबरू हुए, वहीं वार्ड के लोगों से वार्ड को स्वच्छ रखने के लिए सहयोग की अपील की गई।

सुबह 7:00 बजे से भगवानपुर के पौनी पसारी स्थल से निरीक्षण शुरू हुआ। सबसे पहले वार्ड पार्षद श्री नारायण पटेल से वार्ड की समस्याओं की जानकारी मेयर श्रीमती जानकी काटजू व संबित मिश्रा ने लिए। इसके बाद निरीक्षण शुरू हुआ। निरीक्षण करते हुए निगम की टीम बस्ती के अंदर नीचे मोहल्ला तक गई। इस दौरान पानी निकासी और सड़क मरम्मत की समस्या बताई गई, जिस पर कमिश्नर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को कार्य कराने निर्देशित किया। उसके बाद दूसरे मार्ग से वापस आते हुए भी सफाई कार्य का जायजा लिया गया और वार्ड की सफाई पर ध्यान देने के निर्देश मेयर श्रीमती जानकी काटजू ने दिए। इसके बाद रोड के उस पार की बस्ती का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तालाब के पहले ईडब्ल्यूएस मकानों में कबजा संबंधित शिकायत सामने आई, जिसपर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इसी तरह सीसी सड़क के बगल से पानी निकासी के लिए नाली निकालने की मांग वार्ड पार्षद श्री नारायण पटेल ने की। नीली निर्माण के लिए वहां के किसान ने जमीन देने की बात कही। इस दौरान स्टीमेट बनाने और कल्वर्ट बनाकर नाली निर्माण करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद वार्ड में निर्माणाधीन मुक्तिधाम का जायजा लिया गया। इस दौरान पार्षद श्री पटेल ने मुक्तिधाम के चारों ओर बाउंड्रीवॉल कराने की मांग की। इस पर कमिश्नर श्री मिश्रा ने कहा कि वर्तमान में शेड निर्माण कार्य प्रस्तावित है फंड उपलब्धता के अनुसार बाउंड्री वाल का विकास कराया जाएगा। इसके बाद मंगलूडीपा पुल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पार्षद श्री पटेल ने बताया कि यहां अतिक्रमण होने की शिकायत आ रही है, जिसपर कमिश्नर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद श्री पटेल ने तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग की। इस पर वार्ड से संबंधित कार्यों की सूची बनाने और जिंदल प्रबंधन से बातचीत कर कार्य को कराने की बात कही गई। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री सुतीक्षण यादव, सहायक अभियंता श्री सूरज देवांगन सहित निगम के सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

सर्वे एवं वसूली में लाएं तेजी
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री मिश्रा ने वार्ड सर्वे और यूजर चार्ज एवं संपत्ति कर वसूली पर भी संबंधित कर्मचारी अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एसएलआरएम सेंटर सुपरवाइजर को ज्यादा से ज्यादा यूजर चार्ज वसूलने और निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक को सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसी तरह राजस्व विभाग के अधिकारियों को वार्ड के लोगों को संपत्ति, समेकित एवं जलकर भुगतान करने प्रेरित करने की बात कही।