नई दिल्ली । भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज से हट गये हैं। इससे पहले विराट को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एकदिवसीय मैचों की कप्तानी से हटा दिया था। विराट दक्षिण अफ्रीका दौरे पर होने वाले तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में कप्तानी के बाद स्वदेश लौट जाएंगे।

अभी यह पता नहीं चला है कि विराट किस कारण से एकदिवसीय सीरीज से हटे हैं। यह भी सामने आया है कि उनका दौरे से हटने का कारण कप्तानी से हटाया जाना नहीं है। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार विराट अपनी बेटी वामिका का पहला जन्मदिन मनाने के लिए परिवार के साथ रहना चाहते हैं। इसी लिए विराट टेस्ट सीरीज के समाप्त होने के बाद अपने परिवार के साथ छुट्टी की योजना बना रहे हैं। दौरे का अंतिम टेस्ट 11 से 15 जनवरी तक खेला जाएगा। वहीं एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत 19 जनवरी से होगी।

वहीं इससे पहले अभ्यास के दौरान चोटिल होने के कारण सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा टेस्ट सीरीज से बाहर हो गये हैं। ऐसे में यह अजीब संयोग है कि विराट और रोहित दोनों ही दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर तो जाएंगे पर एक साथ खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए तीन दिवसीय शिविर का भी आयोजन किया गया था। इसमें रोहित , शार्दुल ठाकुर, ऋषभ पंत और कुछ अन्य खिलाड़ी शामिल हुए थे पर विराट नहीं थे। वहीं अधिकारियों ने कहा कि विराट को बुलाया गया था पर वर इसमें शामिल नहीं हुए।

पिछले कुछ दिनों में भारतीय टीम कई बदलावों से गुजरी है जिसके तहत रोहित शर्मा को सीमित ओवरों का कप्तान बनाया गया है जबकि विराट के पास केवल टेस्ट कप्तानी ही रह गयी है। इस बारे में बीसीसीआई आध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा था कि विराट को कप्तानी से हटाने का फैसला बीसीसीआई और चयनकर्ताओं की सहमति से हुआ है।