आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) अगले हफ्ते लागू किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रंजना देसाई की अध्यक्षता में बनी समिति एक-दो दिन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रिपोर्ट सौंप सकती है। इसे लेकर दीपावली के बाद राज्य में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी भी की जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट को सदन में रखा जाएगा।

यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) में बहुविवाह पर रोक, लिव इन रिलेशनशिप का अनिवार्य रजिस्ट्रेशन और महिलाओं की शादी की उम्र 18 साल किए जाने जैसे नियम हैं। अगर इस विधेयक को मंजूरी मिलती है तो उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन जाएगा जहां पर UCC लागू होगा।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

मणिपुर के चुराचांदपुर में कुकी-जो स्टूडेंट्स ने निकाली रैली

मणिपुर के चुराचांदपुर शहर में कुकी-जो समुदाय के स्टूडेंट्स ने रैली निकाली। रैली में ये स्टूडेंट्स सेव एजुकेशन की तख्तियां लेकर चल रहे थे। इन स्टूडेंट्स का आरोप है कि सरकार उनकी शिक्षा को लेकर लापरवाही भरा रवैया अपना रही है।

मनीष सिसोदिया बीमार पत्नी से मिलने के लिए घर पहुंचे

दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया, बीमार पत्नी सीमा से मिलने घर पहुंच गए हैं। एक दिन पहले राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति केस में तिहाड़ जेल में बंद सिसोदिया को मिलने की इजाजत दे दी थी। AAP नेता सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सीमा सिसोदिया के साथ रह सकेंगे। हालांकि, कोर्ट ने मनीष को निर्देश दिया है कि इस दौरान वे मीडिया या किसी अन्य राजनेता से नहीं मिलेंगे, न ही कोई बयान जारी करेंगे।

सिसोदिया ने 9 नवंबर को कोर्ट में याचिका दाखिल कर बीमार पत्नी से मिलने के लिए पांच दिनों का समय मांगा था। इससे पहले सिसोदिया जून 2023 में 103 दिन बाद अपनी पत्नी सीमा सिसोदिया से मिले थे।

प्रयागराज में 4 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग:12 फायरकर्मी सहित दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं

प्रयागराज में बहादुरगंज चौधरी मार्केट के एक चार मंजिला बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना पर दमकल की 2 गाड़ियां और 12 फायरकर्मी पहुंचे। बिल्डिंग में फंसे तीन लोगों का टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। हालांकि, आग लगने की वजह अभी तक साफ नही हो पाई है। तमिलनाडु में दो बसों की टक्कर; 5 की मौत, 40 घायल

तमिलनाडु में तिरुपत्तूर जिले के वानीयंबाडी के पास बड़ा हादसा हो गया। तमिलनाडु सरकार की बस और प्राइवेट बस के बीच टक्कर हो गई। जिसमें दोनों बसों के ड्राइवरों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। इनमें एक महिला शामिल है, जबकि 60 घायल हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

श्रीनगर में डल झील में पांच नावों में आग लगी

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शुक्रवार देर रात डल झील में पांच शिकारा (बोट) में आग लग गई। हालांकि, आग बुझा दी गई है मगर बोट पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चली।