आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश में भी सफर के लिए प्राइवेट जेट का इस्तेमाल करने वाले ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक इस बारे में पूछे गए सवाल पर बिफर गए। उन्होंने इंटरव्यू बीच में ही छोड़ दिया। अपोजिशन लीडर्स भी सुनक के इस रवैये को गैर जिम्मेदाराना बता रहे हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय मूल के सुनक ब्रिटेन में जिस यात्रा को ट्रेन से करीब एक घंटे में पूरा कर सकते थे, उसके लिए भी उन्होंने प्लेन का इस्तेमाल किया। दूसरी तरफ, सुनक का दावा है कि वो वक्त का सबसे सही इस्तेमाल करना चाहते हैं, इसलिए प्राइवेट जेट यूज करते हैं।
सवाल नहीं, समाधान की बात कीजिए
प्राइवेट जेट के इस्तेमाल को लेकर सुनक कई महीनों से अपोजिशन और मीडिया के निशाने पर हैं। सोमवार को भी वो प्राइवेट जेट से ही स्कॉटलैंड गए। लौटने के बाद BBC रेडियो को इंटरव्यू दिया। इस दौरान प्रेजेंटर ने पूछा- आप हमेशा क्लाइमेट चेंज रोकने की बातें करते हैं। दूसरी तरफ, देश के अंदर यात्रा के लिए भी प्राइवेट जेट का इस्तेमाल करते हैं। इससे भी तो कार्बन इमिशन यानी कार्बन उत्सर्जन होता है।
इस सवाल पर सुनक नाराज हो गए। नाराजगी भरे अंदाज में कहा- मैं अपने वक्त का सबसे सही इस्तेमाल करना चाहता हूं। अच्छा होगा आप इस मसले पर सवाल करने से ज्यादा, इसके हल पर बात करें। मैं पहले भी इसी तरह सफर करता था, आज भी कर रहा हूं। वक्त का सही इस्तेमाल करने में क्या गलत है?
सुनक ने आगे कहा- क्लाइमेट चेंज रोकने का ये मतलब तो नहीं है कि आप लोगों को हर काम करने से रोक दें। वो एयरक्राफ्ट में सफर न करें, छुट्टियां मनाने न जाएं। ये तो फिजूल की बातें हैं। मेरे पहले भी जो ब्रिटिश प्रधानमंत्री थे, वो सभी प्राइवेट जेट यूज करते थे, पहले तो आपने सवाल नहीं किए।
इस पर प्रेजेंटर मार्टिन जिस्लर ने कहा- सर, प्राइवेट जेट और कॉमर्शियल फ्लाइट में फर्क होता है। सुनक का जवाब था- हम एयरक्राफ्ट फ्यूल के दूसरे ऑप्शंस खोजने पर काम कर रहे हैं। हमें फ्लाइट बैन नहीं चाहिए, बल्कि नई टेक्नोलॉजी की दरकार है।
क्यों घिर रहे हैं सुनक
वैसे तो सुनक कई बार प्राइवेट जेट या प्राइवेट हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल की वजह से विरोधियों के निशाने पर रहे हैं, लेकिन हाल ही में जब वो प्राइवेट हेलिकॉप्टर से डोवर गए तो अपोजिशन पार्टी ने सवाल उठा दिए। इसके बाद वो लंदन से साउथ हैम्पटन भी प्राइवेट जेट से ही गए।
विपक्ष का कहना है कि सुनक को प्राइवेट जेट की बजाय ट्रेन से जाना चाहिए था। अगर वो ट्रेन से सफर करते तो भी महज 1 घंटे और 14 मिनट में साउथ हैम्पटन पहुंच जाते। एक विपक्षी सांसद ने कहा- प्रधानमंत्री को ट्रेन में बैठकर भी देखना चाहिए। इससे उन्हें यह भी पता लग जाएगा कि आम ब्रिटिश नागरिक किन हालात में सफर करता है। मुझे लगता है कि सुनक के साथ कुछ और दिक्कत है।
ब्रिटिश अखबार ‘द मिरर’ के मुताबिक अब तक प्राइम मिनिस्टर सुनक और उनके कैबिनेट मेंबर्स 74 बार प्राइवेट जेट्स का इस्तेमाल कर चुके हैं और वो भी ब्रिटेन के अंदर। यह आंकड़ा 1 जून 2022 से 30 जुलाई 2023 तक का है।