कोरबा कोरबा जिले में नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार लोगो से अपील कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण का पुनः प्रसार जारी है, प्रतिदिन कोरोना पाजिटिव प्रकरण सामने आ रहे हैं। कोरबा जिला कलेक्टर श्रीमती रानू साहू के मार्गदर्शन में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने तथा संक्रमण से बचाव व सुरक्षा हेतु जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन के द्वारा एक साथ विभिन्न मोर्चो पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय के दिशा-निर्देश पर नगर पालिक निगम कोरबा का मैदानी अमला अपने जोन कमिश्नरों की देखरेख में लगातार फील्ड में डटे रहकर लोगों को कोविड प्रोटोकाल का पालन करने व संक्रमण से बचने हेतु समझाईश दे रहे है, उनसे अपील की जा रही है कि वे घर के बाहर निकलने पर अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं। दुकानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों में शारीरिक दूरी बनाए रखें, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
इसी कड़ी मेंं बुधवारी बाजार सहित शहर के विभिन्न सब्जी बाजारों, व्यवसायिक परिसरों में जोन कमिश्नरों की अगुवाई में निगम का मैदानी अमला पहुंचा, दुकानदारों को दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने, दुकानों में एक साथ ज्यादा भीड़ न होने देने तथा ग्राहकों को क्रमशः सामग्री का विक्रय करने, अनिवार्य रूप से मास्क लगाने, ग्राहकों को भी मास्क लगाने हेतु प्रेरित करने आदि के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
*प्रोटोकाल उल्लंघन पर हुई कार्यवाही
बिना मास्क पहने घर से निकलकर सड़क, सार्वजनिक स्थानों में पहुंचने वाले व प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वालों पर निगम अमले द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में निगम के विभिन्न जोनांतर्गत कार्यवाही करते हुए उल्लंघन करने वालों पर 6600 रूपये का अर्थदण्ड लगाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा जोनांतर्गत 1000 रूपये,
टी.पी. नगर जोनांतर्गत 1100 रूपये, कोसाबाड़ी व पं. रविशंकर शुक्ल जोनांतर्गत 1500 रूपये, बालको जोनांतर्गत 600 रूपये, दर्री जोनांतर्गत 1000 रूपये, बांकीमोंगरा जोनांतर्गत 600 रूपये, सर्वमंगला जोनांतर्गत 800 रूपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया। निगम द्वारा अब तक मास्क न लगाने व प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर 01 लाख 32 हजार 06 सौ रूपये का अर्थदण्ड लगाया जा चुका है।