मेलबर्न । ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल के अनुसार भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुई टेस्ट श्रृंखला में जिस प्रकार का रोमांच देखने को मिला, वैसा एशेज सीरीज में देखने में नहीं आया। एशेज सीरीज के दौरान मुकाबले एकतरफा रहे और मेजबान टीम ने सीरीज 4-0 से अपने नाम की।

वहीं भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुई सीरीज में भारतीय टीम ने पहला मैच जीता जबकि दूसरे और तीसरे टेस्ट को जीतकर मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 2-1 से शानदार वापसी करते हुए सीरीज जीती। दिग्गज बल्लेबाज रहे चैपल ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका को पहले टेस्ट में करारी हार मिली थी

पर इसके बाद भी उसने बचे हुए दो टेस्ट मैचों में संघर्ष कर परिणाम बदल दिया। इस सीरीज में जिस प्रकार की भावनाएं थी, वैसी एशेज मुकाबलों के दौरान नजर नहीं आ रहीं थीं। चैपल के अनुसार दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला में गेंदबाज हावी रहे पर इसके बाद भी कुछ बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की। कुल मिलाकर देखा जाये तो दोनो ही टीमों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और कहीं पर भी मुकाबले आसान नहीं रहे। दोनो ही टीमें पूरी श्रृंखला में एक दूसरे को कड़ी टक्कर देती नजर आयीं जबकि एशेज सीरीज पूरी तरह से नीरस रही जहां मेजबान टीम का गेंदबाजी और बल्लेबाजी में दबदबा बना रहा।