सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के MD और CEO एनपी सिंह ने कंपनी के साथ 25 साल तक जुड़े रहने के बाद पद छोड़ने का फैसला किया है। हालांकि, जब तक सोनी पिक्चर्स को नया उत्तराधिकारी नहीं मिल जाता, तब तक वे कंपनी का नेतृत्व करते रहेंगे।
सोनी ने बताया कि सिंह इस्तीफे के बाद भी कंपनी के साथ जुड़े रहेंगे। वह सलाहकार की भूमिका निभाएंगे। जून 1999 में एनपी सिंह सोनी इंडिया में CFO के रूप में शामिल हुए थे। 2014 में उन्हें कंपनी के MD और CEO के पद पर प्रमोट किया गया था।
सिंह बोले- हमारी विरासत नई लीडरशिप में आगे बढ़े
सिंह ने अपने रेजिग्नेशन लेटर में कहा- SPNI और इसकी सफलता के प्रति मेरा कमिटमेंट मजबूत बना हुआ है। मेरे कार्यकाल के दौरान, हमने इंडस्ट्री बेंचमार्क स्थापित किए हैं, अपनी पहुंच का विस्तार किया है और कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा- मैं चाहता हूं कि सफलता की हमारी विरासत जारी रहे और नई लीडरशिप में आगे बढ़े। हमने मेरे उत्तराधिकारी के लिए एक स्ट्रक्चर्ड सक्सेशन प्लानिंग की प्रोसेस शुरू कर दी है सही उत्तराधिकारी ढूंढना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़े हैं सिंह
एनपी सिंह ने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से अपना मास्टर प्रोग्राम पूरा किया है। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से कॉमर्स में स्नातक की डिग्री ली है। उनके पास इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया से सर्टिफिकेट भी है।
सोनी के 16 एंटरटेनमेंट और 10 स्पोर्ट्स चैनल
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया टेलीविजन चैनल ऑपरेट करती है। इसके 16 एंटरटेनमेंट चैनल और 10 स्पोर्ट्स चैनल है। 1995 में इसने भारत में अपनी पहला चैनल लॉन्च किया था। इसका एक डिजिटल प्लेटफॉर्म सोनी लिव भी है।
सोनी नेटवर्क्स इंडिया का नाम अब कल्वर मैक्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड हो गया है। यह जापान की कंपनी सोनी ग्रुप कॉर्पोरेशन की सहायक कंपनी है। कंपनी की 167 देशों में रीच है।