सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: गारमेंट्स एंड अपैरल कंपनी रेमंड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया ने कहा कि उनके निजी जीवन का उनके बिजनेस से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हमारे बीच जो कुछ हुआ है, मुझे उस पर टिप्पणी नहीं करना है। मैं पूरी तरह से अपने बिजनेस पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं और नतीजों पर नजर रखूंगा।’

दरअसल, सिंघानिया ने 13 नवंबर 2023 में अपनी पत्नी नवाज मोदी सिंघानिया से अलग होने का ऐलान किया था। हाल ही में रेमंड ग्रुप की तीन कंपनियों ने नवाज मोदी को अपने बोर्ड से बाहर कर दिया है।

31 मार्च को एक एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) के जरिए जेके इन्वेस्टर्स लिमिटेड (JKI), रेमंड कंज्यूमर केयर (RCCL) और स्मार्ट एडवाइजरी एंड फिनसर्व ने नवाज मोदी को बोर्ड से बाहर किया कर दिया है। जब सिंघानिया से इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि विश्वास की कमी के कारण कुछ कंपनियों ने उन्हें बोर्ड से हटाया है।

सिंघानिया बोले- मेरा निजी जीवन मेरा निजी जीवन है

इकोनॉमिक्स टाइम्स को दिए इंटरव्यू में गौतम सिंघानिया ने कहा, ‘सभी बिजनेस बढ़ रहे हैं। मेरा निजी जीवन मेरा निजी जीवन है, मैं इससे निपट लूंगा। मेरी दो खूबसूरत बेटियां हैं और उनके हित में मैंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। मेरा निजी जीवन कारोबारी क्षेत्र में किसी से संबंधित नहीं है।’

₹10,000 करोड़ का रेमंड ग्रुप तेजी से आगे बढ़ रहा

गौतम सिंघानिया कहा कि ₹10,000 करोड़ का रेमंड ग्रुप तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसमें लाइफस्टाइल डिवीजन -अपैरल और फैबरिक की प्रमुख हिस्सेदारी है। उन्होंने ग्रुप के ऑर्गेनाइजेशन स्ट्रक्चर के बारे में भी बात की।

सिंघानिया ने कहा – ‘हमने ऑर्गेनाइजेशन में बदलाव किया है और हमारे पास मजबूत गवर्निंग बोर्ड हैं। पिछले 36 महीनों में हमारे पास बोर्ड में नए सदस्य आए हैं। हमारे हर बिजनेस में CEO हैं और बिजनेस बढ़ने के बाद उन्हें SBU (स्टैटिक्स बिजनेस यूनिट) में डिवाइड किया जाएगा।’

अलग होने के लिए संपत्ति में 75% हिस्सा चाहती हैं नवाज मोदी

रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम सिंघानिया के अलग होने की ऐलान के बाद नवाज मोदी ने अलग होने के लिए शर्त रखी है। उन्होंने 1.4 बिलियन डॉलर (करीब 11 हजार करोड़ रुपए) की कुल संपत्ति में 75% हिस्सेदारी मांगी है।

इसके बाद पिछले साल 22 नवंबर को रेमंड का शेयर BSE पर ₹1,666 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, उसके बाद से शेयर में सुधार देखा गया। आज रेमंड का शेयर करीब 3% की गिरावट के साथ 2,161 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।