आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (29 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 170 अंक की गिरावट के साथ 72,240 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 47 अंक की गिरावट रही, यह 21,731 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 11 में तेजी देखने को मिली।

ट्राइडेंट टेकलैब्स का शेयर 180% ऊपर लिस्ट

ट्राइडेंट टेकलैब्स ने शुक्रवार को स्टॉक एक्सचेंजों पर शानदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर NSE SME पर ₹98.15 लिस्ट हुआ, जो इश्यू प्राइस ₹35 से 180% ऊपर है। स्माल एंड मीडियम साइज इंटरप्राइजेज (SME) कंपनी ट्राइडेंट का शेयर 502.64 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

इनोवा कैपटैब लिमिटेड की फ्लैट लिस्टिंग

फार्मा कंपनी इनोवा कैपटैब लिमिटेड की स्टॉक एक्सचेंज में फ्लैट लिस्टिंग हुई। कंपनी का शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 1.81% प्रीमियम के साथ प्रति शेयर ₹448 पर लिस्ट हुआ। इसके साथ ही, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इनोवा कैपटैब लिमिटेड की लिस्टिंग ₹452.10 प्रति शेयर पर हुई, जो इश्यू प्राइस से 1% का प्रीमियम है। कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड 426-448 रुपए प्रति शेयर रखा था।

कल बाजार ने बनाया था ऑल टाइम हाई

इससे पहले कल यानी गुरुवार (28 दिसंबर) को नया ऑल टाइम हाई बनाया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 72,484 और निफ्टी ने 21,801 का स्तर छुआ था। हालांकि इसके बाद इसमें थोड़ी गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स 371 अंक की तेजी के साथ 72,410 के स्तर पर बंद हुआ था।