ITDC India e-Press / Agencies

कोरबा एसईसीएल ने चार क्षेत्रों के अंतर्गत अनेक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद  करना सुनिश्चित किया है। होली के मद्देनजर खासतौर पर अतिरिक्त निगरानी की जाएगी। बताया गया कि सीआईएसएफ त्रिपुरा राईफल्स के अलावा विभागीय सुरक्षा और नगर सेना के द्वारा सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई जा रही है।

पिछले कुछ दिनों से कई क्षेत्रों में घटनाएं हो रही है। इसने प्रबंधन की चिंता बढ़ायी है। होली पर अनहोनी न हो इसे ध्यान में रखते हुए सतर्कता पर जोर दिया गया है। बताया गया कि कई स्थानों पर सीसीटीवी पहले से ही लगाए गए हैं और इसके माध्यम से अराजक तत्वों पर निगाह रखी जा रही है। सख्त कदम उठाने को लेकर लगातार पत्राचार भी किया जा रहा है।

प्रबंधन ने बताया कि राष्ट्रीय संपत्ति को किसी तरह से नुकसान न पहुंचे इसके लिए संवेदन शीलता दिखाई जा रही है। जागरूक लोगों से भी आग्रह किया गया कि वे इस मामले में अपने सरोकार का प्रदर्शन करें। इससे पहले एसईसीएल प्रबंधन के द्वारा सुरक्षा को प्राथमिकता को देने के लिए कई आयाम पर काम किया जाता रहा है और इसके अच्छे नतीजे सामने आये है। अधिकारियों ने भरोसा व्यक्त किया कि समय के साथ सब अच्छा होगा और हमारी चुनौतियां भी कम होंगी।