ITDC India e-Press / Agencies
एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने गर्भवती महिला का कराया सुरक्षित प्रसव,
एसडीआरएफ के टीम को ग्रामीणों ने कहा सहाब आप सभी को बहुत बहुत धन्यवाद
– बीजापुर जिले में लगातार बारिश की वजह से जन-जीवन प्रभावित हो गया है, वहीं शासन-प्रशासन द्वारा पूरी तरह मुस्तैदी के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर आवश्यक राहत एवं बचाव का कार्य नगर सेना के एसडीआरएफ टीम द्वारा बचाव एवं रेस्क्यू कार्य बखूबी किया जा रहा है। इसी बीच गंगालूर तहसील अर्न्तगत ग्राम झारगोया की एक घटना उभरकर सामने आयी जिसमें तहसीलदार गंगालूर एवं सीईओ जनपद पंचायत बीजापुर को जानकारी मिली कि एक गर्भवती महिला श्रीमती सरिता गोंदी को अत्यधिक प्रसव पीड़ा हो रही है।
सीईओ एवं तहसीलदार द्वारा तत्काल एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई। झारगोया में नदी का जलस्तर ज्यादा होने के कारण बिना रेस्क्यू टीम के गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना संभव नहीं था। तभी एसडीआरएफ टीम के प्लाटून कमांडर निर्मल साहू द्वारा रेस्क्यू टीम झारगोया भेजा गया। प्रसव पीड़ा ज्यादा होने के कारण टीम द्वारा नदी किनारे ही प्रसव कराया गया तत्पश्चात स्वास्थ्य केन्द्र रेड्डी लाया गया जहां जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं । लोगों ने कहा नगर सेना की टीम ने देवदूत बनकर जच्चा -बच्चा दोनों की जान बचाई।