सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: चुनाव आयोग ने मंगलवार को IPS संजय मुखर्जी को पश्चिम बंगाल का नया डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) नियुक्त किया है। उन्हें आज शाम 5 बजे तक पदभार संभालने का निर्देश दिया गया है।

एक दिन पहले आयोग ने यहां के पश्चिम बंगाल के DGP राजीव कुमार और 6 राज्यों के गृह सचिव को पद से हटा दिया था। इसके बाद आयोग ने राज्य सरकार से तीन नाम मांगे थे। सरकार ने विवेक सहाय, संजय मुखर्जी और राजेश कुमार का नाम दिया था। राजीव कुमार के हटने के बाद एक दिन के लिए अंतरिम DGP के तौर पर विवेक सहाय ने पद संभाला था।

इसके अलावा IAS दीपक कुमार यूपी के नए गृह सचिव बनाए गए हैं। यूपी सरकार ने 3 IAS अफसर मनोज सिंह, देवेश चतुर्वेदी और दीपक कुमार का नाम चुनाव आयोग को भेजा था। 24 घंटे पहले गृह सचिव संजय प्रसाद को पद से हटाया गया था।

मुखर्जी फायर डिपार्टमेंट में कार्यरत थे

संजय मुखर्जी 1989 बैच के IPS अधिकारी हैं और अब तक फायर डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार को इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट में सचिव बना दिया गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। चुनाव आयोग ने मंगलवार को 6 राज्यों के गृह सचिवों को भी हटाने का आदेश दिया था।

चुनाव आयोग ने 6 राज्यों के गृह सचिव भी हटाए

चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की घोषणा के 18 मार्च को पश्चिम बंगाल के DGP और 6 राज्यों के गृह सचिव को हटा दिया। 6 राज्यों के गृह सचिवों में गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अफसरों का नाम शामिल है। विवेक सहाय को पश्चिम बंगाल का नया DGP बनाया गया था।

आयोग ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) कमिश्नर इकबाल सिंह चहल और मिजोरम के एक IAS अफसर को भी हटाने को कहा। महाराष्ट्र सरकार ने एक दिन पहले चुनाव आयोग से BMC कमिश्नर को तबादले से छूट देने की अपील की थी। हालांकि, ECI ने ये अपील खारिज कर दी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की अध्यक्षता में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की सोमवार दोपहर में बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। जिन अधिकारियों को हटाया गया है, उनके पास संबंधित राज्यों में मुख्यमंत्री कार्यालय में दोहरे प्रभार थे।