सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) में सीट शेयरिंग को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सांगली सीट को लेकर शिवसेना उद्धव गुट और कांग्रेस के बीच तनाव गहरा गया है। कांग्रेस के विरोध के बावजूद उद्धव ठाकरे आज शाम 6 बजे खुद सांगली जाएंगे और यहां रैली करेंगे।

उद्धव ठाकरे इस जनसभा के पहले दिवंगत कांग्रेस नेता वसंत दादा पाटिल के स्मृतिस्थल के दर्शन भी करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उद्धव ठाकरे कोल्हापुर से कांग्रेस उम्मीदवार शाहू छत्रपति से मुलाकात भी करेंगे।

इधर, सीट बंटवारे को लेकर विवाद के बीच शरद पवार के मुंबई स्थित आवास पर महाविकास अघाड़ी (MVA) की मीटिंग हुई। इस बैठक में सीट बंटवारे को लेकर कोई राय नहीं बन पाई है। हालांकि, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नान पटोले ने कहा कि एक-दो दिन में सीट शेयरिंग फाइनल हो सकती है।

वहीं, दिल्ली में भी कांग्रेस इलेक्शन कमेटी शाम को एक बैठक कर रही है। इसमें सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा होने के साथ महाराष्ट्र में कैंडिडेट के नाम पर मुहर लगने की संभावना है।

शरद पवार के घर बैठक में MVA के प्रमुख नेता मौजूद

NCP (शरद गुट) के अध्यक्ष शरद पवार के घर हो रही बैठक में कांग्रेस के नाना पटोले और बाला साहेब थोरात मौजूद रहे। NCP के अन्य नेता जितेंद्र, जयंत पाटिल, अनिल देशमुख और शिवसेना उद्धव गुट की तरफ से संजय राउत मीटिंग के लिए पहुंचे थे। उद्धव ठाकरे आज अपनी जनसभा के लिए कोल्हापुर में है इसलिए इस मीटिंग में नहीं आए।

उद्धव गुट की दलील- कोल्हापुर के बदले सांगली सीट दे कांग्रेस

सांगली लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने दावा ठोका है। कांग्रेस इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री वसंत दादा पाटिल के पोते विशाल पाटिल को चुनाव लड़वाना चाहती है, लेकिन शिवसेना ने इस सीट से पहलवान चंद्रहार पाटिल को उम्मीदवारी देने का फैसला किया है।

ठाकरे गुट की दलील है कि उन्होंने अपने कोटे की कोल्हापुर की सीट कांग्रेस को दी है, इसलिए इसके बदले में सांगली सीट उन्हें मिलनी चाहिए। हालांकि, कांग्रेस उद्धव को ये सीट देने के लिए राजी नहीं है।