सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रूस भारतीयों को जबरदस्ती यूक्रेन के खिलाफ जंग लड़ने के लिए भेज रहा है। चार भारतीयों को रूस-यूक्रेन सीमा पर रूसी सैनिकों के साथ लड़ने के लिए मजबूर किया गया। इनमें से एक तेलंगाना और तीन कर्नाटक के हैं। यह कब का मामला है, यह स्पष्ट नहीं है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी कंपनियों ने इन भारतीयों को हेल्पर के तौर पर काम करने के लिए हायर किया था। इसके बाद इन्हें रूस की प्राइवेट आर्मी कहे जाने वाले वैगनर ग्रुप में भर्ती करवा दिया गया और जंग के मैदान में छोड़ दिया गया।
इन लोगों के परिजन ने बताया कि कुछ एजेंट्स ने दिसंबर 2023 में नौकरी के नाम पर धोखे से भारतीयों को रूस भेज दिया था। अब ये भारतीय मदद की गुहार लगा रहे हैं।
मैसेज से मामला सामने आया
रिपोर्ट में चारों भारतीयों में से एक का नाम उजागर किया गया है। वह 22 साल का मोहम्मद सूफियान है। उसने एक रूसी सैनिक के फोन से अपने घरवालों को मैसेज भेजा।
उसके भाई ने बताया कि सूफियान ने मैसेज में लिखा था- मैं यूक्रेन बॉर्डर से 40 किलोमीटर दूर हूं। हमें मर्जी के खिलाफ जंग में भेजा जा रहा है। हमें धोखा दिया गया। हमारी मदद करो। हम किसी भी कीमत पर भारत लौटना चाहते हैं।
दुबई में हुई हायरिंग
चारों भारतीय फेक आर्मी जॉब रैकेट का शिकार हुए। ये पहली बार नवंबर 2023 में एजेंट्स से मिले थे। एजेंट्स ने हेल्पर की नौकरी के लिए लाखों की सैलरी बताई थी। इसके बाद दिसंबर 2023 में भारतीयों को विजिटर वीजा पर रूस ले जाया गया। सभी ने चेन्नई एयरपोर्ट से उड़ान भरी।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ये भारतीय दुबई में नौकरी करते थे। उनकी सैलरी 30-40 हजार रुपए थी। एजेंट्स ने 2 लाख की सैलरी वाली नौकरी का झांसा दिया था।
एक परिजन ने बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर एजेंट्स ने भारतीयों से 3 लाख रुपए भी लिए।
रिपोर्ट- 60 अन्य भारतीयों को भी झांसा दिया गया
रिपोर्ट के मुताबिक 60 अन्य भारतीयों को भी झांसा देकर वैगनर आर्मी में शामिल किया गया है। महाराष्ट्र के एक व्यक्ति ने इन लोगों से रूसी भाषा में लिखा कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाया था। इन्हें बताया गया कि यह हेल्पर की नौकरी के लिए है।
प्लेन क्रैश में मारा गया था वैगनर चीफ
जून 2023 में वैगनर आर्मी ने रूस में तख्तापलट की कोशिश की थी। विद्रोह के ठीक 2 महीने बाद 23 अगस्त को वैगनर चीफ जिस प्लेन में सवार थे, वो क्रैश हो गया था। रूस की एविएशन मिनिस्ट्री के मुताबिक, पैसेंजर लिस्ट में प्रिगोजिन का नाम था और वो इसमें सवार थे। रूस ने भी प्रिगोजिन की मौत की पुष्टि कर दी थी। क्रैश में 10 लोग मारे गए थे।
यह एयरक्राफ्ट मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा था। प्रिगोजिन के अलावा इस प्लेन में प्राइवेट आर्मी के को-फाउंडर और पूर्व रूसी स्पेशल फोर्स कमांडर दिमित्री उत्किन भी सवार थे। वैगनर के और भी अधिकारी विमान में मौजूद थे।