आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सोना आज यानी सोमवार (4 दिसंबर) को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, 10 ग्राम सोना 1,077 रुपए महंगा होकर 63,805 रुपए पर बिक रहा है। इससे पहले 1 दिसंबर को सोने ने अपना ऑल टाइम हाई बनाया था। तब इसकी कीमत 62,728 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।

HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी हेड अनुज गुप्ता के अनुसार, शादियों का सीजन शुरू हो चुका है, इसमें सोने की डिमांड बढ़ने लगी है। इसके अलावा चीन की रहस्यमयी बीमारी से भी लोगों में डर है। इससे सोने को सपोर्ट मिल रहा है। ऐसे में अगले एक साल में सोना 67 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।

सोने में तेजी के 5 कारण:

2024 में दुनियाभर में मंदी की आशंका

चीन की रहस्यमयी बीमारी से लोगों में डर

शादी के सीजन से सोने की डिमांड बढ़ी

डॉलर इंडेक्स में कमजोरी आई है

दुनियाभर के केंद्रीय बैंक सोना खरीद रहे

चांदी भी 77 हजार के पार निकली

चांदी में भी आज शानदार तेजी देखने को मिल रही है। ये 673 रुपए महंगी होकर 77,073 रुपए प्रति किलो ग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले ये 76400 रुपए पर थी। वहीं नवंबर में भी इसमें अच्छी तेजी रही थी।

नवंबर में सोने-चांदी में रही बढ़त

बीते महीने यानी नवंबर में सोने-चांदी के दाम में बढ़त देखने को मिली है। 1 नवंबर को सोने के दाम 60,896 रुपए थे, जो अब 62,607 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए हैं। वहीं चांदी की कीमत अब तक इस महीने 5,109 रुपए बढ़ी है। यह नवंबर के पहले दिन 70,825 रुपए पर थी, जो अब 75,934 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।

सोना खरीदने से पहले 4 बातों का रखें ध्यान

  1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।

ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

  1. कीमत क्रॉस चैक करें

सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्‍योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है।

कैरेट के हिसाब से ऐसे चैक करें कीमत: मान लीजिए 24 कैरेट सोने का दाम 60 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत हुई 6000 रुपए। ऐसे में 1 कैरेट शुद्धता वाले 1 ग्राम सोने की कीमत हुई 6000/24 यानी 250 रुपए।

अब मान लीजिए आपकी ज्वेलरी 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी है तो 18×250 यानी इसकी कीमत 4,500 रुपए प्रति ग्राम हुई। अब आपकी ज्वेलरी जितने भी ग्राम की है उसमें 4,500 रुपए का गुणा करके सोने की सही कीमत निकाली जा सकती है।