सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास के बीच सीजफायर के लिए चल रही बातचीत बिना किसी फैसले के खत्म हो गई है। यह बातचीत इजिप्ट की राजधानी काहिरा में चल रही थी। अमेरिका, इजिप्ट, कतर, इजराइल और हमास किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके। सिर्फ एक अच्छी खबर है कि सभी पक्ष अगले हफ्ते बातचीत पर सहमत हो गए हैं।

ज्यादातर पक्ष चाहते थे कि रमजान के पहले सीजफायर हो जाए, लेकिन कुछ बातों पर सहमति नहीं बन सकी। हमास के प्रवक्ता ने माना है कि बातचीत जारी रहेगी, लेकिन इसके लिए तारीख तय नहीं है।

हमास की वजह से अटकी बात

इजिप्ट के एक अफसर ने ‘अरब न्यूज’ से कहा- हमास ये तो चाहता है कि रमजान के पहले सीजफायर का ऐलान हो, लेकिन उसकी शर्तें अजीब हैं। फिर भी सुकून इस बात का है कि ये बातचीत अगले हफ्ते जारी रहेगी। हो सकता है रविवार से हम एक बार फिर इस मसले पर विचार करें।

दूसरी तरफ, हमास के स्पोक्सपर्सन जिहाद ताहा ने कहा- सीजफायर के बारे में हम कोई गारंटी नहीं दे सकते। जो लोग बेघर हुए हैं, उन्हें पूरी हिफाजत के साथ घर लौटने की गारंटी मिलनी चाहिए। अगले हफ्ते बातचीत शुरू होगी तो कुछ मुद्दों पर तस्वीर साफ हो जाएगी।

इजिप्ट के अफसरों का दावा है कि हमास परमानेंट सीजफायर चाहता है, जबकि बाकी पक्ष चाहते हैं कि 6 हफ्ते का सीजफायर हो और इसके लिए फेज तय किए जाएं। इसके अलावा पहले पहले फेज में वो 40 बंधकों को रिहा करने के मामले में भी खुलकर कोई भरोसा नहीं दिला रहा है।

‘अरब न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक- इजराइल चाहता है कि हमास एक बार में सभी 134 बंधक रिहा करे। दूसरी तरफ, इजराइल 40 से ज्यादा होस्टेज रिहा नहीं करना चाहता। इसके अलावा वो इजराइल की जेलों में कैद खूंखार आतंकियों की रिहाई चाहता है। इजराइल को ये नामंजूर है।

हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को इजराइली सीमा के करीब बसे शहरों पर हमला किया था। इसमें 1200 लोग मारे गए थे। 253 को बंधक बना लिया था। नवंबर 2023 में इनमें से 110 को छोड़ दिया गया था। बाकी अब भी हमास के कब्जे में हैं।