सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शुक्रवार को 18वां दिन है। राहुल ने आज पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से यात्रा शुरू की है। दोपहर 2:45 तक उनकी यात्रा झारखंड के पाकुड़ जिले में पहुंचेगी।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा मुर्शिदाबाद के गोकर्ण से सुबह 8 बजे शुरू होने वाली थी। हालांकि, बंगाल में 10वीं की परीक्षा के कारण यात्रा देर से लगभग 10:30 बजे शुरू हुई।
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि राहुल गांधी पाकुड़ के नसीपुर मोड़ पर एक पब्लिक मीटिंग को संबोधित करेंगे। शाम में राहुल पाकुड़ के हिरणपुर में ब्रेक लेंगे और रात में लिट्टीपाड़ा में रुकेंगे।
राजेश ठाकुर ने बताया कि झारखंड में राहुल की यात्रा दो फेज में होगी। पहले फेज में राहुल 2 फरवरी से अगले 6 दिन झारखंड में रुकेंगे। दूसरे फेज में राहुल की न्याय यात्रा दो दिनों तक चलेगी।
हालांकि, झारखंड में न्याय यात्रा के दूसरे फेज की तारीख अभी नहीं बताई गई है। कुल 8 दिनों की यात्रा में राहुल राज्य के 13 जिलों में 804 किमी की दूरी तय करेंगे।
1 फरवरी- न्याय यात्रा का 17वां दिन: मुर्शिदाबाद में बीड़ी कारीगरों से मिले राहुल गांधी
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद पहुंची। राहुल गांधी ने यहां बीड़ी बनाने वाले मजदूरों से मुलाकात की। उनकी परेशानियां जानने की कोशिश की। मुर्शिदाबाद कांग्रेस के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि इसे कांग्रेस का गढ़ कहा जाता है।
31 जनवरी- न्याय यात्रा का 16वां दिन: बंगाल में राहुल की कार का शीशा टूटा
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बिहार से दोबारा पश्चिम बंगाल पहुंची। यहां मालदा में राहुल की कार का शीशा टूट गया। पहले खबर आई कि राहुल की कार पर पत्थरों से हमला किया गया। इसकी जानकारी अधीर रंजन चौधरी ने दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐसे हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
इसके कुछ देर बाद कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि राहुल पर हमले की खबर गलत है। जब एक महिला राहुल से मिलने के लिए एकदम से आगे आ गईं, तब कार को अचानक रोकना पड़ा। इससे सुरक्षा घेरे में इस्तेमाल किए जाने वाली रस्से से कार की विंडशील्ड टूट गई। 30 जनवरी- न्याय यात्रा का 15वां दिन: राहुल बोले- नीतीश पर दबाव पड़ता है तो वे यू टर्न ले लेते हैं
राहुल गांधी ने बिहार के पूर्णिया में नीतीश कुमार पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि नीतीश पर दबाव पड़ता है तो वो यू टर्न ले लेते हैं। वो शपथ लेते हैं तो खूब तालियां बजती हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि नीतीश सीएम हाउस की ओर निकल जाते हैं, बाद में पता चलता है कि वो अपना शॉल राज्यपाल भवन में छोड़ आए हैं, उसे लेने वापस जाते हैं तो गर्वनर भी कहते हैं कि इतनी जल्दी आ गए।
राहुल ने किसानों पर भी बात की थी। उन्होंने कहा कि जो भी राजनेता किसानों की जमीन की रक्षा करने की बात करेगा, उस पर 24 घंटे आक्रमण होगा। हिंदुस्तान की सरकार जमीन अधिग्रहण के कानून को तोड़ रही है। किसानों को चारों ओर से घेरा जा रहा है। आपसे जमीन ली जाती है और अडाणी जैसे बड़े-बड़े उद्योगपतियों को मुफ्त में दी जाती है।