सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के करीब 4 करोड़ रुपए की लग्जरी कार गिफ्ट की है। ‘ब्लूमबर्ग’ की रिपोर्ट के मुताबिक- किम की बहन किम यो जोंग और एक आला अफसर ने सोमवार को यह गिफ्ट रिसीव किया। इसके बाद उन्होंने पुतिन के लिए तानाशाह का मैसेज भी दिया।

पुतिन का किम को यह गिफ्ट UN के रूल्स के खिलाफ है। इसकी वजह यह है कि नॉर्थ कोरिया को किसी भी तरह के लग्जरी आयटम्स देने पर रोक है। ऐसा उस पर लगी पाबंदियों की वजह से है। यूक्रेन पर हमले के बाद रूस पर भी कई तरह की पाबंदियां हैं।

पर्सनल यूज करेंगे किम

रिपोर्ट के मुताबिक- पुतिन और किम के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। सितंबर 2023 में जब किम रूस दौरे पर गए थे, तो उस वक्त वो पुतिन की ऑफिशियल कार की पिछली सीट पर बैठे थे। अब यही मॉडल किम को गिफ्ट किया गया है। हालांकि, रिपोर्ट में साफ तौर पर यह नहीं बताया गया है कि यह कार कौन सी है और इसे किस तरह नॉर्थ कोरिया पहुंचाया गया। लेकिन, सोमवार को यह प्योंगयांग पहुंचा दी गई। कोरियाई न्यूज एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है।

गिफ्ट रिसीव करते हुए किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने कहा- दोनों देशों के बीच करीबी रिश्ते हैं और यह गिफ्ट इसका सबूत है। पिछले साल हमारे लीडर मॉस्को गए थे और वहां उन्होंने प्रेसिडेंट पुतिन के साथ एक समिट में हिस्सा लिया था।

माना जा रहा है कि पुतिन ने किम को रूस में बनी ऑरस सेनेत लिमोजिन कार गिफ्ट की है। खुद पुतिन भी यही कार इस्तेमाल करते हैं।

वैसे किम के पास इल्यूशिन IL-62 नाम का प्राइवेट प्लेन है। इसे चाम्मै-1 के नाम से भी जाना जाता है, जो नॉर्थ कोरिया के राष्ट्रीय पक्षी गोशाक के नाम से प्रेरित है। हवाई यात्रा के लिए किम इसी एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल करते हैं।

इस विमान का इंटीरियर काफी हद तक अमेरिका के एयर फोर्स 1 की तरह बनाया गया है। हालांकि, सुरक्षा के मामलों में वह कमजोर है। प्लेन में किम के आराम के लिए बेडरूम और मीटिंग के लिए कॉन्फ्रेंस रूम बनाया गया है। मेडिकल टीम और सिक्योरिटी एजेंट्स हर दम मौजूद होते हैं।

रूस में बनी पहली लग्जरी कार

रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘तास’ के मुताबिक- ऑरस रूस में बनी पहली लग्जरी कार है। यहां इसका इस्तेमाल सिर्फ प्रेसिडेंट और दूसरे आला अफसर करते हैं। पुतिन खुद इसका इस्तेमाल 2018 से कर रहे हैं।

किम के पास कई लग्जरी ब्रांड्स की गाड़ियां हैं। माना जाता है कि ये सभी गाड़ियां स्मगलिंग के जरिए नॉर्थ कोरिया लाई गई हैं और यह UN के रूल्स के खिलाफ है। किम 2023 के पहले 2019 में भी अपनी स्पेशल ट्रेन से मॉस्को गए थे। तब वोल्दीवोस्तोक स्टेशन के बाहर मर्सिडीज मेबेक उनके लिए तैयार खड़ी थीं। 2018 में उन्होंने अमेरिका के तब के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात की थी। तब भी वो इसी गाड़ी में सफर कर रहे थे।

2018 में ही किम ने नॉर्थ और साउथ कोरिया के बॉर्डर पर बसे एक गांव में उस वक्त के दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जे इन से मुलाकात की थी। इसके लिए वो ब्लैक मर्सिडीज लिमोजिन से आए थे।