सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार (30 मई) को पंजाब के मतदाताओं को लेटर लिखा। तीन पेज के लेटर में मनमोहन सिंह ने PM नरेंद्र मोदी की आलोचना की और कांग्रेस को वोट देने की अपील की।

पूर्व PM ने कहा- PM मोदी ने चुनाव के दौरान हेट स्पीच का सबसे घिनौना तरीका अपनाया है। इतिहास में आज तक किसी भी प्रधानमंत्री ने समाज के एक खास वर्ग या विपक्ष को निशाना बनाने के लिए ऐसे घिनौने और असंसदीय शब्द नहीं बोले हैं। मोदी प्रधानमंत्री पद की गरिमा और गंभीरता को कम करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं।

मनमोहन सिंह ने आगे लिखा- पिछले दस सालों में भाजपा सरकार ने पंजाब, पंजाबियों और पंजाबियत को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मोदी ने कुछ गलत बयानों के लिए मुझे भी जिम्मेदार ठहराया है। मैंने अपने जीवन में कभी भी एक समुदाय को दूसरे समुदाय से अलग नहीं किया। यह करने का कॉपीराइट सिर्फ भाजपा के पास है।

मैं पंजाब के सभी वोटर्स से विकास के लिए वोट करने की अपील करता हूं। केवल कांग्रेस ही पंजाब का प्रगतिशील भविष्य सुनिश्चित कर सकती है, जहां लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जाएगी। अपने संविधान और लोकतंत्र को निरंकुश सरकार से बचाने का हमारे पास यह आखिरी मौका है।

पूर्व PM ने कवि अल्लामा इकबाल का एक प्रसिद्ध शेर लिखते हुए अपने लेटर को खत्म किया। उन्होंने लिखा- फिर उठी आखिर सदा तौहीद की पंजाब से, मर्द-ए-कामिल ने जगाया हिंद को फिर ख्वाब से।

मोदी बोले- इंडी गठबंधन वालों की 7 पीढ़ियों के पाप खोल दूंगा

पूर्व PM मनमोहन सिंह का लेटर आज तब आया है, जब मोदी पंजाब के होशियारपुर में इस चुनाव में अपनी आखिरी चुनावी रैली करने पहुंचे हैं। मोदी ने रैली में कांग्रेस और AAP पर निशाना साधा।

मोदी ने कहा- इंडी गठबंधन वाले मेरा मुंह न खुलवाएं, 7 पीढ़ी के पाप निकालकर रख दूंगा। इंडी गठबंधन वाले वीरों का अपमान करते हैं। पूर्व CDS विपिन रावत का भी अपमान किया। सेना लड़ाई के लिए तैयार की जाती है, लेकिन इन्होंने सेना पर राजनीति की। इन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे। सेनाओं को कमजोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन सेना का अपमान मोदी बर्दाश्त नहीं करेगा।

पंजाब की 13 सीटों पर 1 जून को चुनाव

पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर आखिरी फेज में 1 जून को वोटिंग होगी। यहां I.N.D.I.A ब्लॉक में शामिल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। 2019 में कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस ने उस समय 13 सीटों में से 8 पर जीत हासिल की थी। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा गठबंधन को 4 और AAP को एक सीट मिली थी।