सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय तमिलनाडु के दौरे पर हैं। श्री चौहान ने वैल्लोर में लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में सहभागिता की और भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि, मैं प्रसन्नता से भर जाता हूँ यह अद्भुत भूमि है मैं इस पवित्र भूमि पर आकार धन्य हो गया हूँ, जिन्होंने इस गौरवशाली, सनातन धर्म संस्कृति और इसके लोगों के रीति रिवाजों को समृद्ध किया है। तमिलनाडु और तमिल भाई-बहन इस समृद्ध विरासत के बेटे-बेटियाँ हैं जो भारत का गौरव हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, यह सरकार तमिलनाडु को तबाह और बर्बाद कर देगी। यह सरकार सनातन विरोधी है और भारत का बांटने की साजिश करती है। ऐसी डीएमके सरकार को तमिलनाडु से उखाड़ फेंकना है।
राहुल गांधी में क्षमता ही नहीं है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सोनिया मेडम अपने युवराज राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन राहुल गांधी में कोई क्षमता ही नहीं है। वो जहां-जहां जाते हैं वहां-वहां से कांग्रेस साफ हो जाती है। कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है, हर दिन कोई न कोई नेता कांग्रेस छोड़कर जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने अभी अपने समनर्थकों के साथ कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं जबकि इनके पुरखों ने ही कभी भारत को तोड़ने का काम किया है।
डीएमके माफियाओं की सरकार है
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यहां बाप-बेटे की सरकार चल रही है जो लगातार सनातन का अपमान करते रहते हैं, और वो देश को तोड़ने की साजिश करते हैं, उत्तर और दक्षिण में बांटने का षडयंत्र करते हैं। हमारा भारत एक है, एक था और एक ही रहेगा, भारत को तोड़ने की साजिश रचने वालों को सबक सिखाया जाएगा। डीएमके का मतलब दारू माफिया और मनी माफिया है। ये केवल माफियाओं की सरकार है, जिनकी पहचान, भ्रष्टाचार, अराजकता और तुष्टिकरण हो गई है। इसलिए तमिलनाडु से डीएमके को उखाड़ कर फेंकना है। स्टालिन सरकार तमिलनाडु को शराब, नशीली दवा और गांजे के व्यापार में डूबोना चाहती है, ये तमिलनाडु को तबाह और बर्बाद कर देंगे।
पूरा देश मोदी जी का परिवार है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि, इंडी गठबंधन वाले कहते हैं मोदी जी का कोई परिवार ही नहीं है, मैं इनसे कहना चाहता हूं कि, मोदी का कोई एक परिवार नहीं है, तुम तो केवल अपने परिवार के लिए काम करते हो, सोनिया गांधी मेडम, राहुल गांधी को पीएम बनाने के लिए काम करती है, स्टालिन, उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे, लालू अपने बेटे को स्थापित कर रहे हैं, मुलायम अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करते रहे, ममता बनर्जी अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं। ये इंडी गठबंधन वालों के लिए अपना परिवार ही सबकुछ है, लेकिन मोदी जी का परिवार कौन है, हम सब और पूरा देश श्री नरेन्द्र मोदी जी का परिवार है।