आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे 2 दिन के दौरे पर भारत आए हैं। शुक्रवार को उन्होंने PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय और डेलीगेशन लेवल की बातचीत हुई। इस दौरान श्रीलंका में UPI के इस्तेमाल को लेकर समझौता हुआ। PM मोदी ने कहा- हमारे संबंध प्राचीन और व्यापक हैं। श्रीलंका और भारत के बीच हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी। पैसेंजर फेरी सर्विस शुरु होंगी। इलेक्ट्रिसिटी ग्रिड पर काम होगा।

मोदी ने कहा- पिछला 1 साल श्रीलंका के लिए चुनौतियों से भरा रहा। हम कठिन समय में वहां के लोगों के साथ खड़े रहेंगे। हमें उम्मीद है कि श्रीलंका की सरकार तमिलों की आकांक्षाओं को पूरा करके समानता, न्याय और शांति के प्रोसेस को आगे बढ़ाएगी। भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘SAGAR’ विजन दोनों में श्रीलंका का महत्वपूर्ण स्थान है।

NSA अजित डोभाल, अडाणी से भी मिले विक्रमसिंघे

​​​​​​​इससे पहले श्रीलंका के राष्ट्रपति ने NSA अजित डोभाल और बिजनेसमैन गौतम अडाणी से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों के बीच कोलंबो पोर्ट को लेकर चर्चा हुई। गुरुवार शाम को भारत पहुंचे विक्रमसिंघे का क्रेंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने स्वागत किया था। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की थी।

विक्रमसिंघे आज भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। उनकी ये यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश इस साल राजनयिक संबंधों की स्थापना का 75वां साल मना रहे हैं।

आर्थिक तंगी के बाद पहली भारत यात्रा

पिछले साल श्रीलंका में सिविल वॉर जैसे हालात बन गए थे और जनता ने राजपक्षे की सरकार को विद्रोह कर उखाड़ फेंका था। इसके बाद रानिल विक्रमसिंघे ने देश की कमान संभाली थी। दरअसल, रानिल सिर्फ गोटबाया राजपक्षे का बचा हुआ टेन्योर पूरा करने तक ही राष्ट्रपति रहेंगे। यह कार्यकाल सितंबर 2024 तक है।

श्रीलंका में भारत की मदद से करोड़ों रुपए के वेलफेयर प्रोजेक्ट चलाए जा रहे हैं। श्रीलंकाई राष्ट्रपति और मोदी मिलकर इनकी समीक्षा करेंगे। कुछ प्रोजेक्ट ऐसे हैं, जो पूरे हो चुके हैं। पॉवर और एनर्जी, एग्रीकल्चर और नेवल डिफेस से जुड़े मामले सबसे ज्यादा अहम हैं।

भारत दौरे से पहले रुपए को कॉमन करेंसी बनाने पर मंजूरी दी

भारत दौरे से पहले राष्ट्रपति रानिल विक्रमसंघे ने कहा था कि श्रीलंका भारतीय रुपए का भी उतना ही इस्तेमाल होते देखना चाहता है जितना अमेरिकी डॉलर का होता है। उन्होंने कहा था अगर रुपए का इस्तेमाल कॉमन करेंसी के रूप में होगा तो इससे हमें कोई ऐतराज नहीं है। हमें ये देखना पड़ेगा कि इसके बाद हमें क्या जरूरी बदलाव करने होंगे।

विक्रमसिंघे ने कहा था- जैसे जापान, कोरिया और चीन सहित पूर्वी एशिया के देशों में 75 साल पहले बड़े पैमाने पर विकास हुआ, वैसे ही अब भारत और हिन्द महासागर के क्षेत्र की बारी है। दुनिया विकसित हो रही है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में भी तेजी से विकास हो रहा है।

श्रीलंका के राष्ट्रपति का यह बयान कोलंबो में इंडियन CEO फोरम को संबोधित करते हुए आया था।