ITDC India e-Press / Agencies

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में हाथियों का उत्पात जारी है। इनके कारण अब लोग बेघर भी होने लगे हैं। हाथियों ने इस बार सोमवार देर रात मरवाही के रूमगा गांव में चार मकानों को तोड़ दिया और दो दर्जन से ज्यादा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा बाड़ी में लगी सब्जियां भी हाथियों ने रौंद दी। इस दौरान हाथियों के बीच फंसी नेत्रहीन महिला सहित 2 लोगों की जान वनकर्मियों ने अपनी सूझ-बूझ से बचा ली।

जानकारी के मुताबिक, तीन हाथियों का दल लगातार चार दिन से क्षेत्र में उत्पात मचा रहा है। मरवाही रेंज के रूमगा के बांधाटोला इलाके में देर रात फिर हाथियों ने धावा बोल दिया। इस दौरान चार घरों को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। दीवार तोड़कर अंदर घुसे हाथियों ने बाड़ी में लगी सब्जियां भी रौंद दी। वहीं दो दर्जन से ज्यादा किसानों की धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी पहुंच गई और हाथियों को भगाने में जुट गई।