लाहौर । पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी ) ने वसीम खान की जगह आईसीसी के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी फैसल हसनैन को अपना नया कार्यकारी अधिकारी बनाया है। हसनैन अगले साल की शुरुआत में कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले वह आईसीसी के सीएफओ के तौर पर साल 2007 से 2015 और 2016 से 2023 चक्र के वाणिज्यिक अधिकारों की बिक्री में भी शामिल रहे थे।
वहीं पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा ने अपने एक बयान में कहा कि फैसल हसनैन विश्व क्रिकेट में बड़ा नाम है। कॉरपोरेट संचालन, वित्तीय प्रबंधन और वाणिज्यिक समझ में उनकी श्रेष्ठता का सभी सम्मान करते हैं। उनके अपार अनुभव का लाभ पाक क्रिकेट को मिलेगा। हसनैन ने कहा कि वह पाक क्रिकेट की छवि को सुधारने का पूरा प्रयास करेंगे। हसनैन ने बयान जारी करके कहा कि मेरी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए पीसीबी अध्यक्ष और बोर्ड का धन्यवाद।
उन्होंने कहा कि पीसीबी अध्यक्ष के दृष्टिकोण को पूरा करने, लाखों पाकिस्तानी फैंस के सपनों और उम्मीदों को पूरा करने, आईसीसी और अन्य क्रिकेट बोर्ड के साथ संबंध को मजबूत करने, नई साझेदारी विकसित करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।