इस्‍लामाबाद: कंगाल पाकिस्‍तान की रेलवे भी कंगाली की हालत से गुजर रही है और उसे चलाने के लिए पैसा तक नहीं है। इस गंभीर आर्थिक संकट में अ‍ब पाकिस्‍तान को उसके दोस्‍त चीन ने भी बड़ा धोखा दे दिया है। पाकिस्‍तान रेलवे ने चीन से 14 करोड़ 90 लाख डॉलर की बोगियों का आयात किया था ताकि उन्‍हें पाकिस्‍तान में दौड़ाया जा सके। ये बोगियां पाकिस्‍तानी रेलवे के ट्रैक पर चल ही नहीं पा रही हैं जिससे उनकी क्षमता और गुणवत्‍ता पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है।

यही नहीं पाकिस्‍तान रेलवे के उन अधिकारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं जिन्‍होंने चीन जाकर इन बोगियों की जांच की थी और उसे पाकिस्‍तान के लिए अनुकूल बताया था। सूत्रों ने पाकिस्‍तानी अखबार एक्‍सप्रेस ट्रिब्‍यून को बताया कि उन्‍हें अब करोड़ों रुपये इन चीनी बोगियों को पाकिस्‍तान में चलने लायक बनाने के लिए खर्च करना पड़ेगा। उन्‍होंने यह भी कहा कि पाकिस्‍तान रेलवे की स्‍की लाइन के लिए मरम्‍मत का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि चीनी बोगियों के अंदर बहुत ही ज्‍यादा मोटी प्रेसर पाइप लगी हैं जिससे ब्रेक ठीक ढंग से नहीं लगेंगे और दुर्घटना होने का खतरा रहेगा।