सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेडन्यूज़ भोपाल: ऑस्ट्रेलिया में पिछले हफ्ते भारतीय महिला चैतन्या स्वेता मधागनी की मर्डर मिस्ट्री सुलझती नजर आ रही है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक- हत्या का आरोपी स्वेता का पति अशोक राज वारिकुप्पाला ही है। मर्डर के बाद वो हैदराबाद लौटा। तीन साल के बेटे को ससुराल जाकर सास-ससुर के हवाले सौंपा और फरार हो गया।

रिपोर्ट में हैदराबाद के उप्पल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बंदारी लक्ष्मा रेड्डी के हवाले से इस घटनाक्रम की पुष्टि की गई है। विधायक के मुताबिक- स्वेता के पेरेंट्स ने उन्हें बताया कि अशोक जब बेटे आर्य को उनके हवाले करने आया तो उसने पत्नी की हत्या की बात भी कबूल की थी।

आगे बढ़ने से पहले मामला समझिए

ऑस्ट्रेलिया के अखबार ‘द हेराल्ड सन’ की रिपोर्ट के मुताबिक- स्वेता की हत्या 5 से 7 मार्च के बीच किए जाने का शक है। इसी दौरान उनका पति अशोक भारत के लिए रवाना हुआ। करीबियों ने भी इसकी पुष्टि की है। जिस वक्त अशोक भारत रवाना हुआ, करीब-करीब उसी दौरान स्वेता भी लापता हुईं।

स्काय न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है कि अशोक ने पड़ोसियों और ऑस्ट्रेलिया में मौजूद अपने कुछ रिश्तेदारों से फोन करके स्वेता के बारे में जानकारी हासिल की थी। बाद में अशोक ने पुलिस से फोन पर बातचीत की और जांच में मदद का भरोसा दिलाया।

‘द ऐज’ अखबार से बातचीत में पुलिस प्रवक्ता ने कहा- हमें शक है कि स्वेता हत्यारे को जानतीं थीं। हालांकि, जांच चल रही है। लिहाजा अभी पुख्ता तौर पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। हम ये जरूर मानकर चल रहे हैं कि हत्यारा ऑस्ट्रेलिया छोड़कर जा चुका है।