आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : न्यूजक्लिक केस में दिल्ली HC ने UAPA मामले में पोर्टल के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ और HR हेड अमित चक्रवर्ती की याचिका खारिज कर दी है। साथ ही गिरफ्तारी और पुलिस रिमांड के खिलाफ हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। जस्टिस तुषार राव गेडेला ने कहा कि अदालत को दोनों याचिकाएं सुनवाई के लायक नहीं लगीं।
पुरकायस्थ और चक्रवर्ती को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। बाद में उन्होंने गिरफ्तारी के साथ-साथ 7 दिन की पुलिस हिरासत को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट से तत्काल रिहाई की मांग की। थी 10 अक्टूबर को ट्रायल कोर्ट ने उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
ED के समन के खिलाफ झारखंड CM हेमंत सोरेन की याचिका हाईकोर्ट में खारिज, कहा- यह सुनवाई योग्य नहीं
ईडी के समन के खिलाफ दायर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका आज हाईकोर्ट में खारिज कर दी गयी। 11 अक्टूबर के बाद आज फिर इस मामले में सुनवाई हुई। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने याचिका खारिज करते हुए इसे सुनवाई के योग्य नहीं माना गया। जमीन घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पांचवी बार समन जारी कर 4 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन वे नहीं पहुंचे थे। सीएम हेमंत सोरेन की ओर से ईडी को पत्र भेजा गया था। वे कानून का पालन करने वाले हैं। ऐसे में हाईकोर्ट में उन्होंने याचिका दायर की गई थी।
गिरफ्तारी के खिलाफ आप सांसद संजय सिंह दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे, कोर्ट आज ही सुनवाई करेगा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने ट्रायल कोर्ट द्वारा उन्हें दी गई रिमांड को भी चुनौती दी है। कोर्ट इस मामले पर आज सुनवाई करेगा। ED ने 4 अक्टूबर को संजय सिंह के घर करीब 10 घंटे तक चली छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। 5 अक्टूबर को उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से कोर्ट ने उन्हें 10 अक्टूबर तक की रिमांड पर भेज दिया था। बाद में तीन दिन और रिमांड बढ़ा दी गई।
आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने अंगल्लू हिंसा मामले में चंद्रबाबू नायडू को अग्रिम जमानत दी
आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अंगल्लू हिंसा मामले में पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को अग्रिम जमानत दे दी। कोर्ट ने इस मामले पर गुरुवार को फैसला सुरक्षित रख लिया था। नायडू और विपक्षी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अन्य नेताओं पर 4 अगस्त को अन्नमया जिले के अंगल्लू गांव में हुई हिंसक घटनाओं के सिलसिले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
चंद्रबाबू नायडू कथित करोड़ों रुपये के कौशल विकास घोटाला मामले में अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं। 9 सितंबर को CID ने 371 करोड़ रुपए के स्किल डेवलपमेंट स्कैम में गिरफ्तार किया था।
अफगानिस्तान में एक हफ्ते में दूसरी बार आया भूकंप, इस बार तीव्रता 4.6; किसी नुकसान की खबर नहीं
अफगानिस्तान में शुक्रवार को रिक्टर स्केल पर 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। यह इस हफ्ते देश में आया दूसरा भूकंप है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक सुबह 6:39 बजे 50 किलोमीटर की गहराई पर भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इससे पहले 11 अक्टूबर को अफगानिस्तान में रिक्टर पैमाने पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था।