आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हमास के खिलाफ जंग के चौथे दिन इजराइल के PM नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया। इस दौरान उन्होंने PM को जंग के बारे में पूरी जानकारी दी। इसके बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा- भारत के लोग इस मुश्किल घड़ी में इजराइल के साथ हैं। हम हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ हैं।
इससे पहले इजराइल की सेना ने घोषणा कर बताया कि उसने गाजा के बॉर्डर पर कब्जा कर लिया है। सेना के मुताबिक उन्होंने रातभर में गाजा में 200 जगहों पर स्ट्राइक की। वहीं, अब तक हमास के 1500 लड़ाके मारे जा चुके हैं। जंग में इजराइल के करीब 123 सैनिकों की मौत हो चुकी है।
दूसरी तरफ हमास के हमलों में थाईलैंड के अब तक 18 नागरिकों की मौत हो चुकी है। कई लोग लापता हैं। सोमवार को इजराइल के रक्षा मंत्री ने पूरी गाजा पट्टी पर कब्जे का आदेश दिया था। इसके बाद रात भर इजराइल ने गाजा पर हमले किए। जवाब में हमास ने धमकी दी है कि वो इजराइल से पकड़े करीब 150 बंधकों की हत्या कर देंगे।
नेतन्याहू बोले- हम पर जंग थोपी गई, अब इसे हम ही खत्म करेंगे
दूसरी तरफ, जंग के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास ने हम पर हमला करके सबसे बड़ी गलती की है। हम इसकी ऐसी कीमत वसूलेंगे, जिसे हमास और इजराइल के बाकी दुश्मनों की पीढ़ियां दशकों तक याद रखेंगी।
PM नेतन्याहू ने कहा- हम युद्ध नहीं चाहते थे। हम पर बहुत क्रूर तरीके से यह थोपा गया। हमने भले ही युद्ध शुरू नहीं किया, लेकिन इसका अंत हम ही करेंगे। इजराइल सिर्फ अपने लोगों के लिए नहीं बल्कि बर्बरता के खिलाफ खड़े हर देश के लिए लड़ रहा है।
7 अक्टूबर से शुरू हुए इस जंग में अब तक कुल 1,587 लोगों की मौत हो गई है। इजराइल में 900 लोग मारे गए हैं, जबकि 2,300 लोग घायल हैं। वहीं गाजा पट्टी में 140 बच्चों समेत 700 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। वहीं 3,726 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा इजराइल की सेना ने अपने क्षेत्र में 1500 हमास के लड़ाकों को भी मार गिराया है।
सबसे पहले इजराइल और हमास के हमलों से जुड़े ये दो फुटेज देखिए…
इजराइल ने अब तक गाजा में 1707 जगहों पर किए हमले
टाइम्स ऑफ इजराइल ने हिब्रू मीडिया के हवाले से बताया कि इजराइल शनिवार को जंग की शुरुआत से लेकर अब तक गाजा में 1,707 टारगेट्स पर हमला कर चुका है। इस दौरान करीब 475 रॉकेट सेंटर्स, 23 स्ट्रैटेजिक साइट्स और 22 अंडरग्राउंड ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इजराइली सुरक्षा बलों ने सोमवार देर रात पुष्टि की कि लेबनानी सीमा पर संघर्ष के दौरान एक डिप्टी सेना कमांडर की मौत हो गई है।
अब देखिए गाजा पर इजराइल के हमले और तबाही की तस्वीरें…
दिल्ली में इजराइली दूतावास के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
इजराइल-हमास जंग को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इजराइली दूतावास और चाबड हाउस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, कतर ने हमास के अधिकारियों से जंग में कैद किए गए लोगों के बारे में बात की। उन्होंने इजराइली महिला और बच्चों की रिहाई के बदले 36 फिलिस्तीनी महिला और बच्चों को स्वैप करने पर चर्चा की।
दूसरी तरफ मिस्र भी लगातार दोनों पक्षों से जंग रोकने के लिए बातचीत कर रहा है। उसने हमास से बंधकों को प्रताड़ित नहीं करने को कहा है। इलराइल के पूर्व प्रधानमंत्री येर लैपिड ने कहा- जंग के स्थिति में विरोधी पार्टी को राजनीति से कोई मतलब नहीं है। हम आर्मी और सरकार को पूरा सपोर्ट करते हैं।
जंग से जुड़े अहम अपेडट्स…
अमेरिका में सोमवार रात इजराइल के समर्थन में व्हाइट हाउस को नीले और सफेद की लाइट से उजागर किया गया।
पेरिस का एफिल टावर भी इजराइल के झंडे के रंग (नीला और सफेद) में रंगा दिखा।
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन इजराइल-हमास की जंग के मुद्दे पर दोपहर 1 बजे (अमेरिकी समय के मुताबिक) संबोधित करेंगे।
अमेरिका ने कहा – फिलहाल ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं है जो बता पाए कि इजराइल पर हमास के हमले के पीछे ईरान का हाथ हो।
अर्जेंटीना के विदेश मंत्रालय ने कहा कि जंग में उनके करीब 7 नागरिकों की मौत हो गई है।