यंगून: म्‍यांमार में की जुंटा अदालत (मिलिट्री कोर्ट) ने असैन्‍य शासक और देश की पूर्व नेता आंग सान सू की को भ्रष्‍टाचार के मामले में शुक्रवार को सात साल की सजा सुनाई है। 18 महीने तक चले ट्रायल के बाद उन्‍हें यह सजा सुनाई गई है। अब उनकी कुल सजा 33 साल तक हो गई है। सू की को भ्रष्‍टाचार के पांच मामलों में सजा सुनाई गई थी। सूत्रों की तरफ से बताया गया है कि उन पर हेलीकॉप्‍टर के प्रबंधन से जुड़ा भ्रष्‍टाचार का एक मामला है जिसकी वजह से देश को काफी नुकसान हुआ है

साल 2021 में हुए तख्‍तापलट के बाद से ही सू की जेल में हैं। उन्‍हें हर मामले में दोषी ठहराया गया है। उन पर भ्रष्‍टाचार से लेकर गैर-कानूनी तरीके से वॉकी-टॉकी रखने से लेकर कोविड के नियमों का उल्‍लंघन करने का मामला तक दर्ज है। सूत्रों की तरफ से बताया गया है कि उनके खिलाफ जारी सभी केस पूरे हो गए हैं। अब उनके खिलाफ कोई भी मामला नहीं है। सूत्रों की तरफ से बताया गया है कि उनका स्‍वास्‍थ्‍य फिलहाल बेहतर है। मीडिया को कोर्ट की सुनवाई को कवर करने से प्रतिबंधित किया हुआ है। वहीं सू की के वकीलों को भी मीडिया से बात करने की मनाही है।