आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक बुधवार को दूसरे दिन दिल्ली में शुरू हो चुकी है। बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हो रहा है। इससे पहले मंगलवार को साढ़े चार घंटे चली बैठक में 100 सीट पर चर्चा की गई। टिकट के क्राइटेरिया को लेकर भी कमेटी के सदस्यों ने बात की।

मंगलवार को हुई बैठक के बाद MP कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, ‘अभी हमने 100 सीट पर नामों को लेकर चर्चा की है। कोई नाम फाइनल नहीं किया है।’ स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेंद्र सिंह ने बताया, ‘150 सीट पर चर्चा की गई। अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।’

दिल्ली में कांग्रेस के वार रूम में मंगलवार शाम करीब 6 बजे बैठक शुरू हुई थी। यह रात 10.30 बजे तक चली। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौजूद रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह भी बैठक में शामिल हुए।

सुरजेवाला बोले- बहुत जल्द हम बेहतरीन से बेहतरीन उम्मीदवार लेकर आएंगे

मप्र के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार की बैठक खत्म होने के बाद कहा, ‘प्रजातांत्रिक प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की है। कई प्रकार की चर्चा हुई। मापदंडों पर चर्चा हुई कि कौन सबसे बेहतर उम्मीदवार हो सकता है, जीत सकता है, कौन मप्र में कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ा सकता है, किसके पास सबसे अधिक जनमत है, कौन मप्र में आदिवासियों, दलित, ओबीसी, गरीब, युवा, महिलाओं की आवाज जाति से ऊपर उठकर बुलंदी से उठा सकता है।’

उन्होंने कहा, ‘बहुत जल्द हम बेहतरीन से बेहतरीन उम्मीदवार लेकर आएंगे। स्क्रीनिंग कमेटी के बाद ये मामला केंद्रीय चुनाव समिति में जाएगा। केंद्रीय चुनाव समिति फाइनल निर्णय करेगी। प्रदेश में पांच दिन तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से लेकर जिला अध्यक्षों और पार्टी के अग्रिम संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बात की। जिन्होंने कांग्रेस की टिकट के लिए अप्लाई किया, उन्हें थोड़ी तकलीफ भी हुई, क्योंकि संख्या बहुत ज्यादा है, लेकिन यह दर्शाता है कि झूठों के राजा शिवराज का समय खत्म हो गया है।’

हर सीट पर चर्चा होगी, कमलनाथ 16 को पीसी करेंगे

सुरजेवाला ने कहा, ‘230 सीटें हैं। लगभग हर सीट पर मंत्रणा होगी। उसके बाद सहमति बनाने की प्रक्रिया होगी। कर्नाटक में सबने देखा कि एक दिन में इन सब बातों का निर्णय नहीं हो सकता। कल फिर चर्चा होगी। 16 सितंबर को एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस पीसीसी चीफ एक नए कार्यक्रम को लेकर भोपाल में करेंगे। हमारी मंत्रणा, सहमति और सद्भाव पूर्ण वातावरण में हुई। और हर प्रकार से मप्र को जिताने का माहौल पैदा करने के लिए बात हुई।’