आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाबी गायक दिवंगत सिद्धू मूसेवाला की पसंदीदा रिस्ट वॉच को देख पिता बलकौर सिंह व मां चरण कौर देखकर भावुक हो गए। पिता बलकौर सिंह ने इस घड़ी को सिद्धू मूसेवाला के पुतले की कलाई पर सजा दिया है। मूसेवाला की यह घड़ी उन्हें ऑस्ट्रेलिया के घड़ी निर्माता हाउस ऑफ खालसा के संस्थानी डैनी सिंह ने दी है। इसके साथ ही घड़ी से जुड़ा किस्सा भी सुनाया।
डैनी सिंह ने इससे जुड़ी कहानी बताते हुए का कि सिद्धू मूसेवाला 2021 में लंदन यात्रा पर थे। इस दौरान उन्होंने एक दोस्त के माध्यम से ‘ओशन लायन’ घड़ी के लिए विशेष ऑर्डर दिया था। जब तक घड़ी लंदन में डिलीवरी के लिए तैयार हुई, तब तक सिद्धू भारत लौट चुके थे। उन्होंने अपनी अगली यात्रा के दौरान ऑर्डर की गई स्पेशल घड़ी की डिलीवरी लेने का वादा किया था, लेकिन भाग्य को कुछ और ही मंजूर था। दुर्भाग्य से प्रसिद्ध गायक को हमसे छीन लिया।
डैनी ने कहा कि लंदन में मूसेवाला के दोस्त ने पूछा कि सिद्धू की घड़ी का क्या किया जाए। सभी ने इसे वापस भेजने की सलाह दी, लेकिन मूसेवाला के शो आयोजक गुरदेव सिंह ने इसे परिवार को सौंपने का मन बनाया।
घड़ी पर मूसेवाला का चेहरा करवाया प्रिंट
डैनी ने बताया कि इस एक घड़ी पर मूसेवाला का चेहरा लेजर प्रिंट करवाया गया है ताकि ये घड़ी उसे समर्पित हो सके। घड़ी पर मूसेवाला को देख माता-पिता भावुक हो गए। डैनी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के लिए 3 घड़ियां प्रिंट करवाई गई है। जिसमें से एक मूसेवाला और 2 उसके माता-पिता के लिए है।
मानसा के गांव में हुई मूसेवाला की हत्या
मानसा के गांव मूसा के रहने वाले शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला का 29 मई 2022 को जवाहरके गांव में कत्ल कर दिया गया था। 2 दोस्तों के साथ बिना सिक्योरिटी थार में जाते वक्त पंजाब-हरियाणा के 6 शूटरों ने उन्हें गोलियां मार दी थी। कत्ल की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के गोल्डी बराड़ ने ली थी। पुलिस इस मामले में लॉरेंस-गोल्डी समेत 30 से ज्यादा गैंगस्टरों को नामजद कर कईयों के खिलाफ चालान पेश कर चुकी है।