न्यूयार्क। भारतीय मूल के अमेरिकी क्रिकेटर मोनांक पटेल को अमेरिका की एकदिवसीय टीम के नये कप्तान बनाये गये हैं। मोनांक को सौरभ नेत्रवलकर की जगह कप्तान बनाया गया है। सौरभ ने टी-20 के बाद अब एकदिवसीय की भी कप्तानी छोड़ दी है। अमेरिकी क्रिकेट ने सौरभ के पद छोड़ने के कारणों का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने अक्टूबर में ही टी-20 कप्तानी छोड़ दी थी और तब भी कोई कारण नहीं बताया गया था।

वहीं कहा जा रहा है कि विश्व कप लीग दो में लंबे समय तक निराशाजनक प्रदर्शन के बाद चयनकर्ता पिछले कुछ समय से सौरभ की जगह किसी अन्य पर विकल्प पर नजर रख रहे थे। सौरभ ने मोनांक को एकदिवसीय कप्तान बनाए जाने के बाद कहा कि मुझे ओमान में क्वालीफाइंग डिवीजन तीन के लिए कप्तान के रूप में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है।

इसके अलावा नामीबिया में ऐतिहासिक वनडे जीत, फ्लोरिडा में काफी डब्ल्यूसीएल मैच जीतना और सुपर 50 टूर्नामेंट में मजबूत टीमों के खिलाफ जीत मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखती है। यह टीम मेरे दूसरे परिवार की तरह है। हमने जहां से शुरुआत की थी, वहां से हम काफी आगे बढ़ गये हैं। सौरभ ने कहा कि मैं मुख्य रूप से टीम में एक सीनियर तेज गेंदबाज के रूप में अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करने का प्रयास कर रहा हूं। मैं मोनांक को अपनी शुभकामनाएं देने के साथ ही पूर्ण समर्थन देना चाहता हूं।