सीएनएन सेंट्रल न्यूज एंड नेटवर्क-आईटीडीसी इंडिया प्रेस / आईटीडीसी न्यूज भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलीगढ़ के दौरे पर हैं। यहां चुनावी सभा में उन्होंने कहा-पिछली बार जब मैं अलीगढ़ आया था, तब मैंने आप सभी से अनुरोध किया था कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की फैक्ट्री में अलीगढ़ का ताला लगा दीजिए। आपने ऐसा मजबूत ताला लगाया कि दोनों शहजादों को आज तक इसकी चाबी नहीं मिल रही। पीएम ने कहा कि इंडी गठबंधन की नजर आपकी संपत्ति पर है। ये सत्ता में आए तो लोगों की सैलरी, घर, एफडी, वाहनों का सर्वे कराएंगे। कब्जे में लेकर बांट देंगे।

इससे पहले सीएम योगी ने कहा-जिस सपा-बसपा और कांग्रेस ने आपको विकास से वंचित रखा। आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ किया। आपकी सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास किया। अब समय आ गया है। वोट के जरिए इनकी किस्मत पर अलीगढ़ का तालाकर पीएम मोदी को तीसरी बार देश की सत्ता सौंपी जाए।

लाइव अपडेट्स

6 मिनट पहले

इंडी गठबंधन की नजर नजर महिलाओं के मंगलसूत्र पर

पीएम ने कहा- कांग्रेस और इंडी गठबंधन के एक और खतरनाक इरादे से आपको अगाह कर रहा हूं। इनकी नजर अब आपकी कमाई पर है। आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि उनकी सरकार आई तो कौन कितना कमाता है। किसके पास कितनी प्रॉपर्टी है। किसके पास कितना धन है। किसके पास कितने मकान हैं। उसकी जांच कराएंगे। इतना ही नहीं, वो आगे कहते हैं कि यह जो संपत्ति है उनको सरकार अपने कब्जे में लेकर सभी को बांट देगी। अब आप लोग सोचिए, हमारी माता-बहनों के पास सोना होता है। वह पवित्र माना जाता है। स्त्री धन होता है। कानून भी उसकी सुरक्षा करता है। अब इनकी नजर इस पर भी है। महिलाओं के मंगलसूत्र पर भी इनकी नजर है। माता-बहनों का सोना चुराने के लिए यह सर्वे कराना चाहते हैं।

7 मिनट पहले

इंडी गठबंधन वाले निराशा में डूबे हुए लोग हैं

पीएम ने कहा-इंडी गठबंधन वाले इतनी निराशा में डूबे हुए लोग हैं कि भविष्य की ओर देखने के लिए हौंसला ही नहीं रहा। ये कहते हैं कि मोदी विकसित भारत की बात क्यों करता है। ये कहते हैं कि मोदी भारत को तीसरी बड़ी विकसित शक्ति बनाने की बात क्यों करता है। ये लोग अपने परिवार और सत्ता के लोभ के अलावा कुछ नहीं करते। जनता से छलावा करते रहते हैं।

पहले हज जाने में भी रिश्वतखोरी चलती थी

पहले हज कोटा कम होने की वजह से कितनी मारामारी होती थी। उसमें भी रिश्वतखोरी चलती थी। रसूखदार लोग ही हज जाने का मौका पाते थे। मैंने सउदी के क्राउन प्रिंस से आग्रह किया था कि हमारे देश के मुस्लिम भाइयों के लिए हज का कोटा बढ़ाएं। आज न सिर्फ कोटा बढ़ा है बल्कि वीजा नियम भी आसान कर दिए गए हैं।

साथियों कांग्रेस-सपा जैसी भ्रष्ट पार्टियों ने आपकी परेशानियों की कभी परवाह नहीं की। गरीब पैसे देकर भी पूरा राशन नहीं ले पाते थे। बिचौलिए ही सब हड़प लेते थे। आज अलीगढ़ और हाथरस में लाखों लोगों को मुफ्त और पूरा राशन मिल रहा है। अब मोदी की गारंटी है कि देश के हर परिवार के 70 साल आयु के ऊपर के बुजुर्गों को 5 लाख तक के इलाज की व्यवस्था यह बेटा करेगा।

14 मिनट पहले

सपा-कांग्रेस वाले पहले तू-तू, मैं-मैं की राजनीति करते थे

पीएम ने कहा- राशन मिल रहा है, घर मिला रहा है। मुफ्त इलाज मिल रहा है। यह सब किसने किया.? आप मोदी कह रहे हैं लेकिन आपका जवाब गलत है। यह आपके एक वोट ने किया है। इस पुण्य के हकदार आप भी हैं। आज जब मैं कहता हूं कि 10 साल में मैंने जो कुछ किया वो ट्रेलर है। अभी हमें और भी काम करना है। जब मैं इतनी सारी बातें बताता हूं तो सपा-कांग्रेस वालों को समझ ही नहीं आता कि यह क्या कह रहे हैं। पहले यह लोग तू-तू, मैं-मैं की राजनीति करते थे। अब यह लोग कदम ही नहीं मिला पा रहे हैं।