आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां-जहां चुनावी दौरे पर पहुंच रहे हैं वहां बनाए जाने वाले हेलीपैड पर पहले से ब्रीफकेस में चलता-फिरता मौसम केंद्र (वेदर ऑब्जर्वेटरी) भी पहुंच रहा है। भारत मौसम विभाग ने वीवीआईपी मूवमेंट के लिए मौसम का पूर्वानुमान बताने की यह नई व्यवस्था लागू की है। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री के अभी तक जितने भी दौरे हुए, उन सभी जगह पर मौसम का फोरकास्ट इसी पोर्टेबल वेदर किट के जरिए बताया गया। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी), एविएशन और भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के कोआर्डिनेशन से यह काम किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश में इसके लिए मौसम केंद्र के फोरकास्ट इंचार्ज वेद प्रकाश सिंह की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। हेलीपैड के आसपास इस किट का इस्तेमाल करने से पहले आईएमडी के ड्यूटी ऑफिसर को एसपीजी को हर पहलू से अवगत कराना पड़ता है। प्रधानमंत्री के पायलट को भी पूर्वानुमान बताना पड़ता है। जिन जगहों पर प्रधानमंत्री का दौरा प्रस्तावित है और वहां यदि ऑटोमेटिक वेदर ऑब्जर्वेटरी है तब भी वहां मौसम के पूर्वानुमान की यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

किट के उपकरण मौसम का सटीक पूर्वानुमान बताते हैं

इस पोर्टेबल किट में ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम की तरह मौसम का पूर्वानुमान बताने वाले उपकरण उपलब्ध हैं। जगह का तापमान कितना हो सकता है। हवा का रुख क्या है। हवा की रफ्तार कितनी है। विजिबिलिटी कितनी हो सकती है। वातावरण में नमी कितनी हो सकती है। पोर्टेबल किट के उपकरण इन सभी पूर्वानुमान की सटीक जानकारी देते हैं। ये ऑटोमेटिक वेटर सिस्टम से भी ज्यादा एक्युरेट हैं। आईएमडी द्वारा तय किए गए प्रावधान के अनुसार अभी यह सुविधा सिर्फ राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए ही उपलब्ध है।