आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कनाडा के एक शेफ पर 40 देश के लोगों को सुसाइड किट बेचने के आरोप लगे हैं। सोमवार को उस पर मामले में 14 नए चार्ज लगाए गए। AFP के मुताबिक, इनमें आत्महत्या के लिए उकसाने और सेकेंड डिग्री मर्डर जैसे आरोप शामिल हैं। उस पर पहले से ही 12 चार्ज लगे हुए हैं।

केनेथ लॉ को पुलिस ने इस साल मई में गिरफ्तार किया था। कनाडा के पॉइजन शेफ के नाम से मशहूर हुए केनेथ लॉ पर अगस्त में 12 नए चार्ज लगाए गए थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि केनेथ ने केमिकल पदार्थ वाले करीब 1200 पैकेज बेचे हैं।

ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी ने छानबीन के बाद बताया कि उन्होंने ऐसे करीब 272 लोगों की पहचान की है, जिन्होंने पिछले 2 सालों में केनेथ का पैकेज खरीदा था। इनमें से करीब 88 लोगों की मौत हो चुकी है।

इसके अलावा न्यूजीलैंड के कोरोनर कोर्ट ने बताया कि उन्हें भी केनेथ से जुड़े मौत से जुड़े ऐसे कई मामलों की लिस्ट मिली है। वहीं अमेरिका, इटली और ऑस्ट्रेलिया में भी इन पैकेज को खरीदने वालों के नाम सामने आए हैं।

अप्रैल 2022 में मिला था पहला केस

इस मामले की शुरुआत अप्रैल 2022 में होती है, जब ब्रिटेन में एक महिला आत्महत्या कर लेती है। मामले की जांच के दौरान अक्टूबर में कनाडा के मिसिसॉगा का एक पोस्ट बॉक्स और एक कनाडाई शख्स की वेबसाइट शक के दायरे में आई। इसके बाद इस साल मार्च में कनाडा के ब्रैम्पटन में एक व्यक्ति की किसी केमिकल पदार्थ को खाने के बाद मौत हो जाती है।

पुलिस मामले की जांच शुरू करती है। एक महीने के अंदर पुलिस केनेथ लॉ नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लेती है। 57 साल का केनेथ पेशे से एक शेफ है। उस समय, लॉ पर लोगों को आत्महत्या की सलाह देने और उसमें मदद करने के आरोप लगे। चार्जशीट के मुताबिक, लॉ ऐसे लोगों को एक केमिकल पदार्थ देता था जो आत्महत्या करना चाहते थे।

अंडरकवर रिपोर्टर से कहा- लोग कहते हैं मैं पुण्य का काम कर रहा

डेली मेल के मुताबिक, केनेथ लॉ जांच के दायरे में तब आया जब उसने ब्रिटिश अखबार द टाइम्स के एक अंडरकवर रिपोर्टर को अपने काम के बारे में बताया। उसने रिपोर्टर से कहा- पिछले 2 साल में मेरे कई ग्राहकों की मौत की मौत हो चुकी है। मैंने ये पैकेज दर्जनों देशों के सैकड़ों लोगों तक पहुंचाया है।

अपने काम के बारे में खुशी से बात करते हुए केनेथ ने अंडरकवर रिपोर्टर से कहा- कुछ ग्राहक मुझसे कहते हैं कि मैं बहुत ही पुण्य काम कर रहा हूं। मैंने ये तब शुरू किया जब मेरी मां की स्ट्रोक से मौत हो गई थी। हमारी सोच अभी इतनी आधुनिक नहीं हुई है कि हम खुले तौर पर मौत को स्वीकार कर सकें। जांच शुरू होने के बाद से केनेथ की वेबसाइट बंद हो चुकी है।